झामुमो में सबकुछ ठीक ठाक नहीं, अनंत और ताहिर के समर्थकों में काउंटर बयानबाजी शुरू

Feb 14, 2026 - 14:51
झामुमो में सबकुछ ठीक ठाक नहीं, अनंत और ताहिर के समर्थकों में काउंटर बयानबाजी शुरू

ताहिर समर्थक किरण देवी तो अनंत समर्थक लता के पक्ष में

किरण देवी को ताहिर का खुला तो लता को अनंत का मौन समर्थन

नीलू चौबे

श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर में झारखंड मुक्ति मोर्चा में सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है। शहरी निकाय चुनाव में झामुमो नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी इसकी बानगी है। नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिये प्रत्याशियों को समर्थन को लेकर पार्टी में गुटबाजी शुरू हो गई है। बयानबाजी और गुटबाजी से ऐसा लगता है विधायक अनंत प्रताप देव एवं ताहिर अंसारी दोनों की राहें इस चुनाव में जुदा हो गई है।

ताहिर अंसारी की पत्नी सोगरा बीबी ने गत शुक्रवार को अध्यक्ष पद की प्रत्याशी पार्टी की नेत्री किरण देवी के पक्ष में जिस तरह बयान जारी किया है उससे साफ हो गया कि किरण देवी को ताहिर अंसारी का खुला समर्थन प्राप्त है। दूसरी ओर सोगरा बीबी द्वारा किरण देवी के समर्थन किये जाने के बाद अनंत प्रताप देव के समर्थकों द्वारा लता देवी के समर्थन में की गई बयानबाजी से साफ जाहिर होता है कि लता देवी को विधायक अनंत प्रताप देव का मौन समर्थन प्राप्त है।

हालांकि विधायक श्री देव राजनीति के मंझे हुये खिलाड़ी हैं, उन्होंने अभी तक खामोशी ओढ़ रखी है। लेकिन उनके समर्थक जिस तरह से बयानबाजी कर रहे हैं उससे तो यही लगता है कि वे सोगरा बीबी द्वारा किरण देवी के पक्ष में दिये गये बयान का काउंटर कर रहे हैं। सोगरा बेगम के बयान पर पलटवार करते हुये झामुमो के शहरी मंडल अध्यक्ष व विधायक अनंत प्रताप देव के करीबी अजय प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झामुमो नेताओं ने सोगरा बेगम के बयान को अपना निजी बयान करार देते हुये अपनी ओर से नपं अध्यक्ष पद की प्रत्याशी व निवर्तमान उपाध्यक्ष लता देवी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

उधर झामुमो नेताओं के लता देवी के समर्थन में उतरने की घोषणा के बाद झामुमो में बगावत के शोर सुनाई देने लगे हैं। यहां बताते चलें की झामुमो नेत्री सोगरा बेगम ने गत शुक्रवार को नगर पंचायत के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी व झामुमो नेत्री किरण देवी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर सोगरा बेगम ने किरण देवी को समर्थन देने की घोषणा की थी।

उसके बाद सोगरा बेगम एवं झामुमो नेता ताहिर अंसारी ने किरण देवी के चुनाव प्रचार की कमान संभालते हुये दमखम से प्रचार अभियान में जुट गये। उधर सोगरा बेगम के द्वारा किरण देवी के समर्थन में चुनाव मैदान में उतरने के बाद झामुमो में बगावत शुरू हो गया। शनिवार को विधायक अनंत प्रताप देव के करीबी व झामुमो के शहरी मंडल अध्यक्ष अजय प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित प्रेसवार्ता में सोगरा बेगम के द्वारा किरण देवी को झामुमो का समर्थन दिये जाने संबधी बयान का खंडन करते हुये कहा कि पार्टी के द्वारा समर्थन को लेकर अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

ऐसे में सोगरा बेगम के द्वारा किरण देवी को झामुमो समर्थित उम्मीदवार घोषित कर भ्रामक खबर फैलाया जा रहा है, जो कहीं से पार्टी हित में नहीं है। उन्होंने मतदाताओं से सावधान रहने एवं झांसे में नहीं पड़ने की अपील की है। उधर अजय प्रसाद के साथ प्रेसवार्ता में मौजूद झामुमो नेता मो नईम खलीफा, प्रताप जायसवाल, कमलेश मेहता एवं मिथिलेश तिवारी ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी व निवर्तमान उपाध्यक्ष लता देवी को समर्थन देने की घोषणा की।

साथ ही कार्यकर्ताओं से लता देवी को विजयी बनाने के लिये तन मन धन से सहयोग करने की अपील की। उधर विधायक के करीबियों के द्वारा सोगरा बेगम के बयान का खंडन किये जाने के बाद दोनों नेताओं के बीच फेसबुक पर वार शुरू हो गया है। जिससे चुनावी माहौल गरमा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 2
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1