आगामी जनगणना 2027 के लिये जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज की

Mar 30, 2026 - 20:01
आगामी जनगणना 2027 के लिये जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज की

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : आगामी जनगणना 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में डीसी-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) एवं गणना कार्य की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक चरण की तैयारियों का आकलन करना तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना था। मौके पर डीसी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय आंकड़े जुटाये जाते हैं।

 ये आंकड़े भविष्य की नीतियों और विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक में बताया गया कि जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण कार्य किया जायेगा, जिसमें एचएलबी को मूल इकाई के रूप में निर्धारित किया गया है। प्रत्येक प्रगणक (एन्यूमरेटर) को अपने-अपने क्षेत्रों में मकानों को चिन्हित कर क्रमांकित करने और आवश्यक सूचनाएं एकत्र करने का दायित्व सौंपा गया है।

डीसी ने प्रगणकों के कर्तव्यों पर विशेष जोर देते हुये निर्देश दिया कि वे नियुक्ति आदेश और एचएलओ ऐप में उपलब्ध मानचित्र के आधार पर अपने पर्यवेक्षकों के साथ क्षेत्र का भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एचएलबी की सीमा के भीतर आने वाली कोई भी संरचना या भवन छूटना नहीं चाहिये।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करने का निर्देश दिया, ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में एसी-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी राज महेश्वरम, रंका एसडीओ रुद्र प्रताप, श्री बंशीधर नगर एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, बीडीओ, सीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0