पलामू में बनी फिल्म पेड़ चलता है ने दी अन्तर्राष्ट्रीय दरवाजे पर दस्तक

May 4, 2026 - 20:38
पलामू में बनी फिल्म पेड़ चलता है ने दी अन्तर्राष्ट्रीय दरवाजे पर दस्तक

कांस फिल्म फेस्टिवल में दिखेगा पलामू की झलक

बंशीधर न्यूज

मेदिनीनगर : दुनिया की सबसे समृद्ध और पुरानी फिल्म फेस्टिवल में से एक कांस में दिखेगी पलामू में बनी फिल्म पेड़ चलता है। इस फिल्म सिलेक्शन कांस फिल्म फेस्टिवल के वर्ल्ड प्रीमियर कैटेगरी में हुआ है। फिल्म को कोलकाता के जाने माने निर्देशक देवादित्य बंदोपाध्याय ने निर्देशित किया है। इस पूरी फिल्म की शूटिंग पलामू टाईगर रिजर्व के जंगल, पलामू किला, शाहपुर किला व मेदिनीनगर के कुछ जगहों पर की गई है।

दूरभाष पर बात करते हुये फिल्म के निर्देशक देवादित्य बंदोपाध्याय ने कहा कि इस फिल्म की कहानी जल, जंगल, जमीन व इससे जुड़े लोगों की है, जिसे थ्रिलर व सस्पेंस के ट्रीटमेंट के साथ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को आउटलाईन एक्सप्रेशन के बैनर तले मासूम आर्ट ग्रुप के सहयोग से बनाया गया है। इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर अमित बहल है।

फिल्म की मूल कहानी बंगला में है जिसका लेखन पुलक दास ने किया है, इसका हिंदी पटकथा व संवाद पलामू के जाने माने रंगकर्मी व छायाकार सैकत चटर्जी का लिखा हुआ है। इस फिल्म में मुंबई के जाने माने कलाकार वीरेंद्र सक्सेना, प्रमोद पाठक, कुमार सौरभ व सत्येंद्र सोनी, कोलकाता के मैनाक बनर्जी व सुब्रत बनर्जी के साथ-साथ पलामू के मासूम आर्ट ग्रुप से जुड़े कलाकारों का सराहनीय योगदान रहा है।

इस फिल्म में पलामू के कई कलाकारों ने बेहतरीन अभिनय किया है जिसे देखकर मुंबई के फिल्म समालोचकों ने काफी प्रशंसा की है। निर्देशक ने कहा कि इस फिल्म में पलामू की प्राकृतिक सुंदरता को भी काफी प्रभावशाली ढंग से फिल्माया गया है। इसके डीओपी विक्रम आनंद सावरेवाल बेबे हैं। जबकि म्यूजिक डायरेक्टर आनंद भास्कर हैं।

फिल्म के फाईट डायरेक्टर पलामू के जाने मानेे खेल प्रशिक्षक सुमित वर्मन हैं। सैकत चटर्जी ने कहा कि अगर पलामू में शूट की हुई फिल्म कांस फिल्म में दिखाई जा रही है तो यह पलामू ही नहीं झारखंड के लिये गर्व की बात है। इस फिल्म की शूटिंग सफलता पूर्वक हो इसके लिये पलामू व लातेहार जिला प्रशासन तथा पलामू टाईगर रिजर्व के पदाधिकारियों का सक्रिय सहयोग रहा।

उन्होंने कहा कि पलामू के रंगमंच से जुड़े कलाकारों ने साबित कर दिया है कि अगर उन्हें मौका मिले तो वो धमाल कर सकते हैं। जल्द ही जारी की जायेगी प्रीमियर की तारीख निर्देशक ने कहा कि जल्द ही आयोजकों के द्वारा प्रदर्शन की तारीख व समय जारी किया जायेगा। इस फिल्म फेस्टिवल में सिन वैसी ही फिल्मों को प्रीमियर कैटेगरी में चुना जाता है जिसका अभी तक कही भी प्रदर्शन नहीं हुआ हो।

उन्होंने कहा कि कांस में प्रीमियर होने के बाद यह तय किया जायेगा कि इस फिल्म को आगे और किन किन फिल्म फेस्टिवल में भेजा जायेगा। पलामू के ये कलाकार शामिल हैं फिल्म पेड़ चलता है में पलामू के जिन दिग्गज कलाकारों को देखा जायेगा उनमें कामख्या प्रसाद सिन्हा, सैकत चटर्जी, मुरारी पांडेय, अमर भांजा, उज्जवल सिन्हा, अविनाश पांडेय, मन्नू राईन, मो नसीम, शहजादा तालिब, मुकेश विश्वकर्मा, गुलशन मिश्रा, आशना भेंगरा, कनक लता तिर्की, वर्षा, गोविंदा, प्रकाश, आलोक नाथ, आदर्श पांडेय, मो कैफ, अमर्त्य, अरिंदम आदि शामिल हैं।

 सबसे पहले सत्यजीत राय की फिल्म में दिखी थी पलामू की झलक इससे पहले अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निर्देशक सत्यजीत राय की बंगला फिल्म अरननेर दिन रात्रि को कांस फिल्म फेस्टिवल के आर्काइव सेक्शन में दिखाया गया था।

बंगला भाषा की इस श्वेत श्याम फिल्म में शर्मिला टैगोर, सिम्मी ग्रेवाल, सौमित्र चटर्जी, टीनू आनंद जैसे कलाकार उस समय पलामू आये थे। इसकी शूटिंग केचकी, बेतला, गारू, छिपादोहर आदि जगहों पर हुई थी। उस फिल्म के बाद अब दूसरा मौका है जब फिल्म पेड़ चलता है के माध्यम से दुनिया पलामू की झलक देखेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0