भवनाथपुर की राजनीति में जारी सियासी सस्पेंस खत्म
दीपक के एलान ए जंग के बाद तमाम अटकलों पर लगा विराम
नीलू चौबे
भवनाथपुर की राजनीति में पिछले कई दिनों से जारी सियासी सस्पेंस से आखिरकार पर्दा उठ गया। झामुमो के युवा नेता दीपक प्रताप देव ने स्पष्ट घोषणा कर दी है कि वे वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में अपने बड़े भाई एवं वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। इस ऐलान के साथ ही क्षेत्र में चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। दीपक प्रताप देव के इस फैसले से भवनाथपुर विधानसभा की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है।
पिछले दस दिनों से दीपक और उनके समर्थक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार खुलेंगे राज लिखकर पोस्ट कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। चाय पान की दुकानों से लेकर चौक-चौराहों तक यही चर्चा थी कि आखिर किस बड़े खुलासे की तैयारी चल रही है। प्रेस कांफ्रेंस में दीपक प्रताप देव ने सस्पेंस समाप्त करते हुये कहा कि वे 2029 का विधानसभा चुनाव झामुमो के टिकट पर लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि अनंत प्रताप देव उनके बड़े भाई और परिवार के अभिभावक हैं तथा व्यक्तिगत संबंध हमेशा पहले की तरह बने रहेंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से अब उनकी राह अलग है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि विचारधारा की है और वे संगठन को मजबूत करने के लिये पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
दीपक ने यह भी स्पष्ट किया कि परिसीमन के बाद उनके बड़े भाई जिस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, वे भी उसी सीट से मैदान में उतरेंगे। करीब 23 वर्षों से क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय दीपक के इस ऐलान को भवनाथपुर की राजनीति में नये समीकरणों की शुरुआत माना जा रहा है।
हालांकि चुनाव में अभी समय है, इसलिये आने वाले वर्षों में राजनीतिक परिस्थितियां किस दिशा में जाएंगी, इस पर सभी की नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
1
Love
2
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0