निटी तारा से मजबूत होगी विकास योजनाओं की निगरानी, अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : नीति आयोग के मार्गदर्शन में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, डेटा आधारित प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने तथा विकास योजनाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय सभागार में निटी तारा विषय पर एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इसमें जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों और कर्मियों को प्लेटफॉर्म के उपयोग की जानकारी दी गई। मौके पर डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि निटी तारा नीति आयोग की महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जो रियल-टाईम आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं की प्रगति की निगरानी, समीक्षा और साक्ष्य आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाती है।
उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के नियोजन, क्रियान्वयन और मूल्यांकन को नई दिशा दी जा सकती है। डीसी ने अधिकारियों एवं कर्मियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुये निटी तारा की कार्यप्रणाली को समझने और इसका नियमित उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिया कि उपलब्ध आंकड़ों का व्यवस्थित विश्लेषण कर योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाय तथा जरूरत के अनुसार समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई की जाय। कार्यशाला में प्रतिभागियों को निटी तारा प्लेटफॉर्म के रियल-टाइम डैशबोर्ड, योजना प्रबंधन उपकरण, डेटा विश्लेषण, एआई आधारित बैठक कार्यवृत्त तैयार करने की सुविधा, योजनाओं की समीक्षा एवं अनुश्रवण प्रणाली सहित विभिन्न मॉड्यूल की जानकारी दी गई।
अधिकारियों को डेटा के प्रभावी उपयोग से विकास कार्यों का आकलन करने और बेहतर निर्णय लेने के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया। मौके पर डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, एसी विकास कुमार राय, सीएस डॉ जॉन एफ कैनेडी, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, डीएसई अनुराग मिंज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, बीडीओ मझिआंव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मझिआंव, निटी तारा ट्रेनर दिलीप कुमार दुबे, असिस्टेंट ट्रेनर विश्वरूप मंडल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0