महिला ने दो बेटियों को कुएं में फेंककर लगाई छलांग, बेटियों की मौत

Jul 9, 2026 - 17:59
महिला ने दो बेटियों को कुएं में फेंककर लगाई छलांग, बेटियों की मौत

बंशीधर न्यूज

पलामू: जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। तीसरी बच्ची के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने महिला की जान बचा ली। आरोपित महिला का पति मजदूरी करता था। तीन बेटियों को लेकर दोनों के बीच मारपीट एवं कहा सुनी होते रहती थी।

स्थानीय लाेगाें के अनुसार छोटे लाल प्रजापति और उसकी पत्नी सरिता देवी के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद सरिता देवी ने सबसे पहले अपनी ढाई वर्षीय बच्ची डोली कुमारी, जो दादी की गोद में सो रही थी, उसे उठाकर कुएं में फेंक दिया। इसके बाद चार वर्षीय दूसरी बच्ची प्रिया कुमारी को भी कुएं में डाल दिया। जब वह तीसरी बेटी छह वर्षीय सुषमा कुमारी को कुएं में फेंकने का प्रयास कर रही थी, तो बच्ची ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया।

महिला बच्ची को छोड़कर स्वयं भी कुएं में छलांग लगा दी। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को कुएं से बाहर निकाल लिया। हालांकि दोनों मासूम बच्चियों की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेज दिया।

नावा बाजार थाना प्रभारी संजय यादव ने गुरुवार काे बताया कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित महिला सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इधर दोनों बच्चियों के शव का पोस्टमार्टम मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0