परिवहन विभाग की योजनाओं और राजस्व वसूली की समीक्षा, ग्रामीण बस सेवा में सुधार के निर्देश
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : समाहरणालय सभागार में सोमवार को डीसी दिनेश यादव की अध्यक्षता में परिवहन कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025 के लिये निर्धारित वार्षिक राजस्व लक्ष्य एवं अब तक की वसूली की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 1727.60 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1698.32 लाख रुपये की राजस्व वसूली की जा चुकी है।
डीसी ने शेष राजस्व की शीघ्र वसूली सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिले के 11 मार्गों पर वर्तमान में बसों का परिचालन किया जा रहा है। डीसी ने ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इन मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को सुगम, सस्ती और सुलभ यातायात सुविधा मिल सके।
हिट एंड रन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुये बताया गया कि अब तक 59 मामलों में पीड़ितों को मुआवजा भुगतान किया जा चुका है। जबकि 17 मामलों को भुगतान के लिये जनरल इंश्योरेंस काउंसिल को भेजा गया है। वहीं 14 मामले अभी प्रक्रियाधीन हैं। डीसी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। बैठक में राहवीर योजना पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले गुड समेरिटन (राहवीर) को सरकार द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अलावा कैशलैस ट्रीटमेंट योजना की भी समीक्षा की गई। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 1.50 लाख रुपये तक अथवा अधिकतम सात दिनों तक निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की जायेगी।
बैठक में परिवहन विभाग से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डीसी ने विभागीय कार्यों को और अधिक पारदर्शी, जनहितकारी एवं प्रभावी बनाने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में एसी राज महेश्वरम, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, एमवीआई सहित परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0