गढ़वा नगर परिषद के 11 पार्षदों ने खोला मोर्चा, 14 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : गढ़वा नगर परिषद के गठन के महज 100 दिनों के भीतर ही उसकी कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मंगलवार को नगर परिषद के 21 वार्डों में से 11 वार्ड पार्षद एकजुट होकर कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचे और 14 सूत्री संयुक्त मांगपत्र सौंपते हुये विकास कार्यों में भेदभाव, अनियमितता एवं जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का आरोप लगाया।
पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे संयुक्त रूप से आंदोलन शुरू करेंगे। पार्षदों का कहना है कि नगर परिषद चुनाव हुये चार माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अधिकांश वार्डों में जनता अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उनका आरोप है कि सरकार एवं नगर विकास विभाग से पर्याप्त राशि मिलने के बावजूद विकास कार्य केवल कुछ चुनिंदा वार्डों तक सीमित हैं।
कई वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, स्ट्रीट लाईटें महीनों से खराब हैं, पेयजल संकट बना हुआ है तथा सड़क और नालियों की स्थिति भी दयनीय है। संयुक्त मांगपत्र में सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुरूप सफाईकर्मियों की नियुक्ति, खराब स्ट्रीट लाईटों की मरम्मत एवं नई लाईट लगाने, सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने, नगर परिषद की आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक करने तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को वार्ड पार्षदों के प्रति जवाबदेह बनाने की मांग की गई है।
इसके अलावा बिना टेंडर कराये जा रहे कार्यों पर रोक, लंबित मानदेय का भुगतान, नियमित बोर्ड बैठक, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट में कथित अनियमितताओं की जांच, पेयजल पाईपलाईन की मरम्मत, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय बनाने की भी मांग उठाई गई है।
संयुक्त मांगपत्र पर वार्ड 12 के सौरभ सिंह, वार्ड 14 की रश्मि सिन्हा, वार्ड 13 के उमेश महतो, वार्ड 11 की सत्यवती देवी, वार्ड 9 के बंधु राम, वार्ड 19 के उदय कुशवाहा, वार्ड 18 के मनोज कुमार महतो, वार्ड 20 की सविता देवी, वार्ड 17 की मीरा कुमारी, वार्ड 5 की अंजू केशरी तथा वार्ड 10 के दीपक कुमार के हस्ताक्षर हैं। पार्षदों ने कहा कि उनका उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि सभी वार्डों का समान विकास और जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0