2 और 3 सितंबर को गढ़वा के सभी विद्यालय बंद, प्रशासन ने जारी किये निर्देश

Sep 1, 2026 - 19:14
2 और 3 सितंबर को गढ़वा के सभी विद्यालय बंद, प्रशासन ने जारी किये निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुये जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित बाढ़, जलजमाव और आपदा की स्थिति से निपटने के लिये मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म से डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में ऑनलाईन बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को आपदा से निपटने के लिये सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने का निर्देश दिया गया।

डीसी ने सभी अधिकारियों को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी सीओ को कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पंचायत भवनों और विद्यालय भवनों को जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव केंद्र के रूप में उपयोग करने के लिये तैयार रखने को कहा गया।

खाद्य सामग्री समेत आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। डीसी श्री मिश्रा ने जिलेवासियों से भारी बारिश के दौरान नदी, नालों, जलाशयों और जलजमाव वाले स्थानों के समीप नहीं जाने की अपील की। एसपी आशुतोष शेखर ने माइकिंग के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक करने का निर्देश दिया। संभावित आपदा को देखते हुये 2 और 3 सितंबर को जिले के सभी विद्यालय बंद रहेंगे।

इस दौरान केवल गैर-शैक्षणिक कार्य होंगे। शिक्षक व कर्मी विद्यालय में उपस्थित रहकर सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे। स्वास्थ्य विभाग को भी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था अलर्ट रखने का निर्देश दिया गया।

 बैठक में डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, एसी विकास कुमार राय, एसडीओ कुमार मयंक भूषण, आपदा विभाग के प्रभारी पदाधिकारी राजेश कुमार, डीईओ जगन्नाथ लकड़ा, डीएसई अनुराग मिंज समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0