बाईक सवार अपराधियों ने की शिक्षक की हत्या, 2 राउंड फायरिंग के बाद उड़ाया सिर
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बाईक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात रविवार सुबह करीब 10ः30 बजे सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के समीप हुई। मृतक की पहचान दीपक कुजूर (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सिमडेगा जिले के मूल निवासी थे और सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दीपक कुजूर अपनी अपाची बाईक से बड़गड़ से भंडरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अन्य बाईक पर सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया। ललमटिया मोड़ के पास अपराधियों ने उन्हें जबरन रोक लिया। मौके पर उपस्थित प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों को देखकर दीपक सहम गये और अपनी जान की भीख मांगने लगे। वह बार-बार कह रहे थे, हम दे देंगे सर, मत मारिये।
लेकिन बेखौफ अपराधियों ने एक न सुनी। एक अपराधी ने पहले दो राउंड हवा में फायरिंग की और फिर दीपक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बिना चेहरा ढके मुख्य सड़क से आराम से फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक का साला जोहन केरकेट्टा ने बताया कि दीपक कुजूर शनिवार को अपनी सास अनसतसीया कुजूर को उनके बरवा गांव (रमकंडा) स्थित ससुराल छोड़ने आये थे।
रविवार सुबह वे अपने ससुराल से बड़गड़-कुसमी-जशपुर मार्ग होते हुये अपने घर के लिये निकले थे, लेकिन रास्ते में ही वे इस वीभत्स घटना के शिकार हो गये। जोहन केरकेट्टा ने कहा कि दीपक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
वारदात की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तत्काल इलाज के लिये भंडरिया अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुये रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह भी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।
पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की अपाची बाईक के साथ तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला लेन-देन के विवाद से जुड़ा लग रहा है, हालांकि पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की धरपकड़ के लिये सघन छापेमारी अभियान चला रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0