गैस सिलेंडर की कालाबाजारी में व्यवसायी गिरफ्तार, दुकान पर ताला

Apr 7, 2026 - 20:35
गैस सिलेंडर की कालाबाजारी में व्यवसायी गिरफ्तार, दुकान पर ताला

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : एसडीएम संजय कुमार ने गढ़वा में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुये एक व्यवसायी को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसकी दुकान को तत्काल अगले आदेश तक के लिये बंद करवा दिया। व्यवसायी पर आरोप है कि वह घरेलू गैस सिलेंडर अवैध स्रोतों से प्राप्त कर लोगों को 2700 रुपये में बेच रहा था।

सूचना व्हाट्सएप के माध्यम से मिलने के बाद एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ मात्र 10 मिनट में मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान आरोप सही पाये जाने पर दुकान पर ताला जड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार उक्त व्यवसायी विजय कश्यप के मकान में किराए पर किचन पार्ट्स और गैस चूल्हे की दुकान संचालित करता है।

वहीं भवन के पीछे बने बेसमेंट में लंबे समय से गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा था। एसडीएम ने मौके पर मकान मालिक और अवैध कारोबारियों से पूछताछ कर लिखित पक्ष मांगा। उन्होंने कहा कि इस अवैध नेटवर्क में शामिल अन्य कड़ियों और दोषी एजेंसियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि घनी आबादी वाले इलाके में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखने की अनुमति देने के कारण मकान मालिक की जिम्मेदारी तय की जायेगी। एसडीएम ने व्यवसायियों को चेताया कि आपदा में अवसर तलाशने वाले ऐसे लालची कारोबारी महंगा भुगतेंगे।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र में कहीं भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की सूचना मिलने पर प्रशासन को तुरंत सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0