डीसी ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिये त्वरित समाधान के निर्देश
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, मनरेगा भुगतान, रोजगार, अतिक्रमण और सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों को डीसी के समक्ष रखा।
डीसी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुये संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनसुनवाई के दौरान सगमा प्रखंड के बहियार खुर्द की सारा बीबी ने मई 2025 से लंबित गैस कनेक्शन का मामला उठाया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
कांडी प्रखंड के नैनाबार गांव की सकीला बीबी ने पिछले 14-15 महीनों से बंद विधवा पेंशन शुरू कराने की मांग की। वहीं भवनाथपुर के पंडरिया गांव के असरफ हुसैन ने प्रधानमंत्री आवास योजना में पंचायत सचिव पर 15 हजार रुपये लेने और आवास स्वीकृति निरस्त होने का आरोप लगाया। डीसी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के अंत में डीसी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम है तथा प्रत्येक शिकायत का प्रभावी निष्पादन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0