शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, डीसी ने दिये सख्त निर्देश

Mar 23, 2026 - 19:52
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, डीसी ने दिये सख्त निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को डीसी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने को लेकर एक-एक बिंदु पर गहन चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये।

बैठक में डीसी ने डीईओ, डीएसई एवं सभी बीईईओ से बारी-बारी शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान कुछ योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं पाये जाने पर डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीईईओ पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कार्यशैली में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिये।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। डीसी ने सभी बीईईओ को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया, ताकि जमीनी स्तर पर शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

साथ ही डीईओ एवं डीएसई को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ सभी कर्मियों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति का नियमित रूप से निरीक्षण करें और उपस्थिति के अनुरूप ही मासिक परिलब्धियों का भुगतान सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान जिले की समग्र शैक्षणिक प्रगति, कंपोजिट जिला रैंकिंग, छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति, आधार एवं बायोमेट्रिक अपडेट, आधारभूत संरचना विकास, निपुण भारत मिशन, पीएम-श्री विद्यालयों का क्रियान्वयन, पलाश कार्यक्रम, पीएम-पोषण (मिड-डे मील) योजना, आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास की स्थिति, स्वास्थ्य जांच एवं आयरन-फोलिक एसिड वितरण, सतत व्यावसायिक विकास (सीपीडी) प्रशिक्षण, प्रोजेक्ट रेल के अंतर्गत मासिक मूल्यांकन, यू-डायस एवं एसएमएस रिपोर्टिंग, एनआईएलपी/उल्लास कार्यक्रम तथा न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की क्रमवार समीक्षा की गई।

डीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने विशेष रूप से छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति में सुधार, शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना की समीक्षा के दौरान जिला स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनिटरिंग समिति की बैठक में बिंदुवार चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों की लापरवाही को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये गये।

डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन में मेनू के अनुसार पोषक आहार एवं पूरक पोषण का वितरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाय। बैठक में डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा, डीईओ कैसर रजा, डीएसई अनुराग मिंज सहित सभी बीईईओ, बीपीओ, बीपीएम एवं शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0