गढ़वा में होटल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 28 युवक-युवतियां हिरासत में

Apr 6, 2026 - 19:40
गढ़वा में होटल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 28 युवक-युवतियां हिरासत में

तीन होटलों में छापेमारी, होटल मैनेजमेंट से जुड़े तीन लोग भी गिरफ्तार

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : जिला मुख्यालय में सोमवार को पुलिस ने अलग-अलग होटलों में छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का खुलासा किया। इस कार्रवाई में कुल 14 युवतियां और 14 युवक संदिग्ध स्थिति में पकड़े गये। साथ ही होटल प्रबंधन से जुड़े एक महिला और दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया। प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुये तीन होटलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

एसडीओ संजय कुमार एवं गढ़वा पुलिस की टीम ने सबसे पहले सोनपुरवा स्थित होटल एसएनसी में छापेमारी की। यहां एक नाबालिग युवती और दो युवक संदिग्ध स्थिति में पाये गये। इस घटना ने प्रशासन और पुलिस को पूरी तरह सक्रिय कर दिया और शहर के अन्य होटलों में भी जांच शुरू कर दी गई। स्टेशन रोड स्थित होटल आरडीएस में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 युवक और 8 युवतियां संदिग्ध स्थिति में पकड़ी।

जांच के दौरान होटल के दो मैनेजरों को भी हिरासत में लिया गया। एसडीओ ने मौके पर होटल के रजिस्टर की जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। तीसरी कार्रवाई होटल तिवारी इन में हुई। यहां 3 युवक और 3 युवतियां संदिग्ध स्थिति में पाये गये। इस दौरान एक युवक खिड़की से कूदकर फरार हो गया।

जांच में यह भी सामने आया कि होटल रजिस्टर में उसका नाम दर्ज नहीं था, जो गंभीर लापरवाही और नियमों के उल्लंघन को दर्शाता है। होटल की महिला मैनेजर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर के कुछ होटलों में अवैध और अनैतिक गतिविधियां हो रही हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन ऐसे मामलों में शून्य सहनशीलता रखता है। सभी हिरासत में लिये गये युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने संबंधित तीनों होटलों को सील करने के साथ होटल संचालकों को चेतावनी दी है कि वे नियमों का पालन करें। उल्लंघन होने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0