राष्ट्रीय पोषण माह 2026 की शुरुआत, डीसी ने रवाना किया जागरूकता रथ

Sep 9, 2026 - 20:53
राष्ट्रीय पोषण माह 2026 की शुरुआत, डीसी ने रवाना किया जागरूकता रथ

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले में बुधवार को 9 वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का विधिवत शुभारंभ जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया। पोषण माह के दौरान जिले में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जायेगा। डीसी द्वारा रवाना किया गया जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों के हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचेगा।

यहां लोगों को संतुलित आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता, एनीमिया की रोकथाम और कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक किया जायेगा। अभियान के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों तथा छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।

आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं द्वारा स्तनपान, छह माह बाद पूरक आहार, बच्चों की वृद्धि की निगरानी, कुपोषित बच्चों की पहचान और उनके फॉलोअप से संबंधित जानकारी दी जायेगी।पोषण माह के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र लाभार्थियों की पहचान और पंजीकरण पर विशेष जोर रहेगा। प्रशासन का लक्ष्य जिले के सभी पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़कर इसे संतृप्ति स्तर तक पहुंचाना है।

आंगनबाड़ी सेविकाएं पात्र महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करेंगी। महिलाओं को उनके अधिकारों और सहायता सेवाओं की जानकारी देने के साथ महिला हेल्पलाईन 181 के प्रति भी जागरूक किया जायेगा। अधिकारियों ने कहा कि पोषण को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का रूप देना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों और समुदाय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अर्चना सिन्हा सहित समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं संबंधित कर्मी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0