राजा पहाड़ी शिव मंदिर की व्यवस्था अब नई समिति के हाथों में
वित्तीय अनियमितता और मनमानी के आरोपों के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला
विधायक और एसडीओ समेत 10 सदस्य संभालेंगे जिम्मेदारी
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : अनुमंडल प्रशासन ने राजा पहाड़ी पर स्थित शिव मंदिर में व्याप्त वित्तीय अनियमितता व मनमानी को लेकर जारी विवाद के बीच मंदिर के सुचारु संचालन के लिये नई समिति का गठन कर दिया है। एसडीओ की ओर से जारी आदेश के अनुसार नवसृजित राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति तत्काल प्रभाव से कार्य करेगी और मंदिर की व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में आवश्यक निर्णय लेगी।
एसडीओ की ओर से जारी आदेश के मुताबिक राजा पहाड़ी शिव मंदिर में व्याप्त वित्तीय अनियमितता व मनमानी को लेकर जारी विवाद के कारण मंदिर के संचालन में आ रही कठिनाईयों तथा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह समिति गठित की गई है। नई समिति के पदेन अध्यक्ष स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव होंगे।
जबकि एसडीओ श्री बंशीधर नगर पदेन सचिव बनाये गये हैं। इसके अलावा एसडीपीओ श्री बंशीधर नगर, सीओ नगर ऊंटारी, रेंजर नगर ऊंटारी, अध्यक्ष नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर तथा वार्ड संख्या-4 के वार्ड पार्षद को पदेन सदस्य बनाया गया है। गैर-सरकारी सदस्यों के रूप में विधायक प्रतिनिधि कमलेश मेहता, रजनीकांत मधुर और संजय कांस्यकार को समिति में शामिल किया गया है।
आदेश के अनुसार समिति प्रत्येक माह बैठक कर मंदिर के रखरखाव, पूजा-पाठ, वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े सभी आवश्यक निर्णय लेगी। इस संबंध में संबंधित सभी अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को आदेश की प्रति भेजते हुये आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0