मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 98.20 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण

Jul 13, 2026 - 20:25
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 98.20 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित सभी संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुये शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिये गये। डीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक गणना चरण (इन्यूमरेशन फेज) चल रहा है। इस अवधि में प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ एवं संबंधित बीएलए-2 के साथ तीन बैठकें आयोजित की जानी हैं। पहली बैठक 30 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी है।

जबकि दूसरी और तीसरी बैठक निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जायेगी। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की दूसरी बैठक आयोजित होगी। इसमें प्रारूप एएसडीडी सूची साझा कर उसका सत्यापन, अनमैप्ड मतदाताओं पर विचार-विमर्श तथा चुनाव पाठशाला का आयोजन किया जायेगा।

 वहीं 22 जुलाई को तीसरी बैठक में मतदाता सूची के प्रारूप एवं एएसडीडी सूची को अंतिम रूप देने के साथ प्रपत्र-6, 7 एवं 8 की समीक्षा की जाएगी। डीसी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित तिथियों के अनुसार बैठकें सुनिश्चित कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि चुनाव पाठशाला की बैठकों में बीएलओ, बीएलए-2, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, एएनएम, स्थानीय कर्मियों तथा आम मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाय। साथ ही बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक की कार्यवाही एवं फोटोग्राफ बीएलओ ऐप पर अपलोड करने के निर्देश भी दिये गये।

बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक कुल 8,62,092 गणना प्रपत्रों के विरुद्ध 8,46,597 प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 98.20 प्रतिशत है। शेष प्रपत्रों का भी शीघ्र शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद झा, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (80-गढ़वा) मयंक भूषण, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (81-भवनाथपुर) प्रभाकर मिर्धा, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0