सम्मान समारोह : बेटे की सफलता पर गौरवान्वित पिता धर्मेंद्र चौबे हुये सम्मानित
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : आरके पब्लिक स्कूल अधौरा में सोमवार को एक भव्य और प्रेरणादायक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां 9 वीं कक्षा के छात्र वेद प्रकाश के गौरवान्वित पिता धर्मेंद्र चौबे को सम्मानित किया गया। वेद प्रकाश ने हाल ही में आईआईटी दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित सॉकर रोबोटिक्स प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यह समारोह केवल एक छात्र की उपलब्धि का जश्न नहीं, बल्कि उस मजबूत पारिवारिक समर्थन का सम्मान भी था, जो किसी भी सफलता की असली नींव होता है। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के निदेशक अलखनाथ पांडेय एवं प्रधानाचार्य राजेश कुमार पांडेय ने धर्मेंद्र चौबे को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान ग्रहण करते हुये भावुक हुये धर्मेंद्र चौबे ने कहा कि वेद की यह उपलब्धि उसके कठिन परिश्रम और रोबोटिक्स के प्रति जुनून का परिणाम है। एक पिता के रूप में यह मेरे लिये गर्व का क्षण है। मैं सभी छात्रों से कहना चाहता हूं कि वे अपने सपनों को पूरी लगन और मेहनत से पूरा करें। स्कूल के निदेशक अलखनाथ पांडेय ने कहा कि यह सफलता केवल वेद की नहीं, बल्कि पूरे परिवार और स्कूल के संयुक्त प्रयास का परिणाम है।
माता-पिता का सहयोग ही बच्चों को ऊंचाईयों तक पहुंचाता है। प्रधानाचार्य राजेश कुमार पांडेय ने छात्रों को पाठ्येतर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिये प्रेरित करते हुये कहा कि यही गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास और कौशल को निखारती हैं। कार्यक्रम में अंग्रेजी विभाग के प्रमुख राहुल सोनी ने भी छात्रों को प्रेरित करते हुये कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो अवसरों को अपनाते हैं।
वेद की उपलब्धि सभी के लिये प्रेरणा है। स्कूल प्रशासन ने आगामी सितंबर में आईआईटी बॉम्बे में होने वाली प्रतियोगिता के लिये वेद को शुभकामनाएं देते हुये विश्वास जताया कि वह आगे भी इसी तरह सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित करेगा।
उस मौके पर स्कूल के शिक्षकों और छात्रों ने वेद प्रकाश की जमकर सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में स्कूल के शिक्षक रविकांत चौबे, अखिलेश पांडेय, प्रतिभा कुमारी, श्रीसंत पांडेय, कुमार कार्तिकेय, आयुष राज, लकी गुप्ता, सुप्रिया चौबे समेत बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0