जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, आवास, मुआवजा, रोजगार समेत कई शिकायतें सुनी गईं
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को डीसी दिनेश यादव की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गईं। डीसी ने राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन तथा बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य मामलों को लेकर आये लोगों की शिकायतें सुनते हुये संबंधित पदाधिकारियों को यथाशीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
जनसुनवाई में सबसे पहले मेराल प्रखंड के ग्राम भंडार निवासी शीला देवी ने आवेदन देकर अपनी रैयती भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन पीसीसी सड़क निर्माण कराने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने उनके निर्माणाधीन ढांचे को ध्वस्त करते हुये जबरन रास्ता बना दिया और विरोध करने पर जान-माल की क्षति की धमकी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मामले की सूचना थाना को भी दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। मेराल प्रखंड के मकुना निवासी आमना बीबी ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दुर्घटना के बाद मुआवजा राशि नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि भवनाथपुर प्रखंड के ग्राम सिंदुरिया निवासी सत्यनारायण गुप्ता के विरुद्ध वाहन दुर्घटना मामले में न्यायालय ने ट्रक मालिक से 3 लाख 64 हजार 500 रुपये ब्याज सहित भुगतान करने का आदेश दिया है, लेकिन आदेश के बावजूद अब तक राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
उन्होंने न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराते हुये मुआवजा दिलाने की मांग की। धुरकी प्रखंड की नीलम देवी ने सहिया चयन में अनियमितता की शिकायत करते हुए कहा कि कोरवाटोली वार्ड संख्या सात में बिना ग्राम सभा कराये कुछ लोगों द्वारा सहिया का चयन कर लिया गया है। उन्होंने नियम के अनुसार ग्राम सभा आयोजित कर पुनः चयन कराने की मांग की।
वहीं मेराल प्रखंड के पतरिया निवासी देवी देवी ने साइबर ठगी की शिकायत करते हुये बताया कि उनके बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने करीब 1 लाख 59 हजार 87 रुपये की निकासी कर ली है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना और बैंक में आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने मामले की जांच कर राशि वापस दिलाने की मांग की। इसके अलावा भी विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं डीसी के समक्ष रखीं। डीसी श्री यादव ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुये संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुये जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0