जिला अनुकंपा समिति की बैठक में आठ आश्रितों को नियुक्ति की सिफारिश

Apr 2, 2026 - 21:17
जिला अनुकंपा समिति की बैठक में आठ आश्रितों को नियुक्ति की सिफारिश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को डीसी-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में जिला अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के मृत सरकारी कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने से संबंधित लंबित मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान समिति के समक्ष प्रस्तुत कुल 12 आवेदनों की एक-एक कर गहन समीक्षा की गई।

डीसी ने सभी आवेदनों के साथ संलग्न दस्तावेजों की बारीकी से जांच करते हुये अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर त्रुटि या अपूर्णता न रहे। जांच के दौरान आवेदकों की शैक्षणिक योग्यता, अनापत्ति प्रमाण पत्र, अभिभावक के मृत्यु प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, शपथ पत्र समेत विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

समीक्षा के उपरांत यह पाया गया कि आठ आवेदक सभी आवश्यक मानकों पर खरे उतरते हैं। ऐसे में समिति ने इन आवेदनों को स्वीकृति देते हुये अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिये अनुशंसा कर दी। वहीं शेष चार आवेदनों में जन्म तिथि एवं अन्य तथ्यों में स्पष्टता नहीं होने के कारण उन्हें संबंधित विभागों को पुनः सत्यापन के लिये भेजने का निर्णय लिया गया।

बैठक के दौरान डीसी श्री यादव ने सख्त निर्देश देते हुये कहा कि भविष्य में जिला अनुकंपा समिति के समक्ष केवल उन्हीं मामलों को प्रस्तुत किया जाय, जिनका सभी स्तरों पर पूर्ण एवं सही सत्यापन हो चुका हो। उन्होंने कहा कि इससे न केवल प्रक्रिया में पारदर्शिता आयेगी, बल्कि योग्य आश्रितों को समय पर नियुक्ति देने में भी तेजी आयेगी।

बैठक में डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा, एसी राज महेश्वरम, स्थापना उप समाहर्ता देवानंद राम, सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ कैनेडी, जिला कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज, बरडीहा बीडीओ, जिला शिक्षा अधीक्षक, डीएफओ (सामाजिक वानिकी) सहित स्थापना शाखा के कर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0