शिव मंदिर के स्थापना दिवस पर हुआ रुद्राभिषेक

Jul 13, 2026 - 20:27
शिव मंदिर के स्थापना दिवस पर हुआ रुद्राभिषेक

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : शहर के सहिजना मोहल्ला स्थित प्राचीन नंदेश्वर शिव मंदिर के 21 वें स्थापना दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

 रुद्राभिषेक का अनुष्ठान वाराणसी से पधारे आचार्य रोहित दीक्षित, मंजय दीक्षित एवं संजीव चौबे के नेतृत्व में संपन्न कराया गया। विद्वान आचार्यों ने बताया कि भगवान नंदेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक करने और उसमें सहभागी बनने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा श्रद्धा से लिया गया संकल्प भगवान शिव की कृपा से पूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि सावन से पूर्व भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है और प्रत्येक श्रद्धालु को शिव पूजा में भाग लेना चाहिये।

पूर्व वार्ड पार्षद जितेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि नंदेश्वर शिव मंदिर का इतिहास लगभग 128 वर्ष पुराना है। मंदिर की स्थापना वर्ष 1898 में हुई थी। जबकि वर्ष 2005 में मोहल्लेवासियों के सहयोग से मंदिर का पुनर्निर्माण एवं पुनर्स्थापना की गई। तभी से प्रत्येक वर्ष 13 जुलाई को मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि यह मंदिर वर्षों से क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है और यहां नियमित रूप से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिये पहुंचते हैं। रुद्राभिषेक में यजमान की भूमिका पूर्व वार्ड पार्षद जितेंद्र कुमार सिन्हा एवं वार्ड पार्षद रश्मि सिन्हा ने निभाई।

मौके पर मुकेश कुमार सिन्हा, राजू सिन्हा, अजीत कुमार सिन्हा, प्रो उमेश सहाय, गुड्डू तिवारी, राजीव रंजन सिन्हा, संजीव सिंह, लाल बाबू, नीरज सिन्हा, सत्यनारायण सिन्हा, बृजमोहन प्रसाद, आलोक कुमार सिन्हा, गौरव सिन्हा, अरविंद कुमार दुबे, संजय सिंह, जय सिन्हा, निपुण सिन्हा, तेज, बासु, अतुल्य, चंदन सिन्हा, अनिल कुमार सिन्हा, श्रेष्ठ सिन्हा सहित काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 0
Wow Wow 0