लाखों की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतरराज्यीय गिरोह का हुआ पर्दाफाश
गढ़वा पुलिस को मिली बड़ी सफलता
मेदिनीनगर की ओर से अफीम लेकर पंजाब में बेचने के लिये ले जा रहा था युवक : एसडीपीओ
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : गढ़वा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने 1.85 किलोग्राम अफीम के साथ अंश शुक्ला नामक एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार तस्कर अंश शुक्ला उत्तर प्रदेश के हरदोई का रहने वाला है। यह जानकारी एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने दी।
वे बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एसडीपीओ ने बताया कि गत 31 मार्च की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली कि बुलेट बाईक से दो युवक मेदिनीनगर की ओर से अफीम लेकर गढ़वा होते हुये उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल एक टीम गठित कर रमना थाना क्षेत्र में एनएच 75 पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध बुलेट बाईक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन सवार युवक पुलिस को चकमा देकर तेज रफ्तार में भाग निकला। पुलिस टीम ने भी मुस्तैदी दिखाते हुये बुलेट का पीछा किया। पुलिस को तेज गति से आते देख दोनों आरोपी परसवान के पास बाईक छोड़कर जंगल की ओर भाग खड़े हुये। पुलिस ने तुरंत इलाके में घेराबंदी करते हुये ग्रामीणों को एलर्ट किया।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बहियार कला में ग्रामीणों की मदद से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गये युवक ने अपनी पहचान अंश शुक्ला (21 वर्ष), उत्तर प्रदेश के हरदोई का रहने वाला बताया। उसकी तलाशी के दौरान उसके बैग से करीब 1.85 किलोग्राम अफीम बरामद हुआ। जब उससे इसके वैध कागजात मांगे गये तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुये बताया कि वह इस मादक पदार्थ को पंजाब में बेचने के लिये ले जा रहा था, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की पुष्टि है। उन्होंने बताया कि छापेमारी टीम में शामिल रमना के थाना प्रभारी आकाश कुमार, पुअनि आलोक कुमार, पुनि ओमप्रकाश महतो, पुनि जयप्रकाश गुप्ता, हवलदार बिपिन बिहारी गुप्ता, आरक्षी मन्तू कुमार भारती एवं चालक आरक्षी लव कुमार दुबे ने मौके से काले रंग की बुलेट (पीबी 72 ए 0610), टेक्नो शार्क मोबाईल फोन एवं लाल रंग का बैग जब्त कर थाना ले आये।
उन्होंने बताया कि बरामद अफीम की कीमत अवैध बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जबकि फरार युवक की गिरफ्तारी के लिये लगातार छापेमारी कर रही है। प्रेसवार्ता में एसडीपीओ के साथ रमना थाना के थाना प्रभारी आकाश कुमार मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0