शैक्षणिक संस्थान पर हमला, झारखंड छात्र मोर्चा ने मांगी तत्काल कार्रवाई
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : श्री सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय के मुख्य द्वार को अज्ञात तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किये जाने की घटना ने परिसर में हड़कंप मचा दिया है। झारखंड छात्र मोर्चा ने इसे शिक्षा के मंदिर पर सीधे हमला करार देते हुये कड़ी प्रतिक्रिया जताई है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन के जिलाध्यक्ष निशांत चतुर्वेदी ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में इस प्रकार की घटना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को उजागर करती है।
उन्होंने बताया कि इससे छात्रों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हुआ है और शैक्षणिक वातावरण पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ा है। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाया कि सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिसके कारण असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। झारखंड छात्र मोर्चा ने मांग की है कि महाविद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस तुरंत कार्रवाई करते हुये सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान करें और उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाये।
निशांत चतुर्वेदी ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन महाविद्यालय परिसर से जिला मुख्यालय तक विरोध मार्च निकालते हुये उग्र आंदोलन करने के लिये मजबूर होगा। संगठन ने यह भी बताया कि मामले की जानकारी संबंधित कुलपति को भी दी जायेगी।
निशांत ने कहा कि झारखंड छात्र मोर्चा हमेशा छात्रों के हितों और शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा की रक्षा के लिये प्रतिबद्ध है और ऐसी कायरतापूर्ण घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0