उपाध्यक्ष संध्या की जीत की पटकथा लिखने में कामयाब हुये अनंत

Mar 20, 2026 - 08:00
उपाध्यक्ष संध्या की जीत की पटकथा लिखने में कामयाब हुये अनंत
उपाध्यक्ष संध्या की जीत की पटकथा लिखने में कामयाब हुये अनंत

संध्या देवी की जीत के असली हीरो बने रजनीकांत मधुर

नीलू चौबे

श्री बंशीधर नगर : विधायक अनंत प्रताप देव उर्फ छोटे राजा नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर की नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष संध्या देवी की जीत की पटकथा लिखने में कामयाब हो गये। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में शहर के युवा व्यवसायी रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू को आगे कर स्वयं बिना सामने आये पर्दे के पीछे से नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष संध्या देवी के पक्ष में बाजी पलट दी।

रजनीकांत मधुर ने अपनी सूझबूझ और सटीक रणनीति के दम पर शहर के बड़े-बड़े रणनीतिकारों और प्रभावशाली लोगों को मात दे दी। यूं कहें तो संध्या देवी की जीत के असली हीरो रजनीकांत ही रहे हैं। बताया जाता है कि नगर पंचायत चुनाव का परिणाम आने के बाद रजनीकांत ने पूर्व वार्ड सदस्य आशीष कुमार के साथ मिलकर नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को अपने पक्ष में करने की रणनीति पर काम शुरू किया।

 इस काम में उन्हें विधायक अनंत प्रताप देव ने भी पर्दे के पीछे से भरपूर समर्थन दिया। परिणामस्वरूप पर्दे के पीछे से मिली इस राजनीतिक ताकत ने संध्या देवी की जीत को मजबूत आधार दिया। उधर संध्या देवी के प्रतिद्वंद्वी रंजन कुमार उर्फ छोटू को उपाध्यक्ष बनाने के लिये शहर के कई रणनीतिकारों व प्रभावशाली लोगों ने पूरी ताकत झोंक दी थी।

देर रात तक जोड़-तोड़ और समीकरण बनाने का खेल चलता रहा, लेकिन विधायक और रजनीकांत की रणनीति के आगे सबकी कोशिशें बेअसर साबित हुईं। नतीजा यह हुआ कि संध्या देवी को उम्मीद से अधिक वार्ड पार्षदों का समर्थन मिला और रंजन कुमार को 9 वोटों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

उपाध्यक्ष बनाने की रणनीति में रजनीकांत को शहर का उभरता हुआ युवा चेहरा माना जा रहा है। उनका व्यवहार, सक्रियता और कुशल नेतृत्व उन्हें लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय बना रहा है। शहर में आयोजित कई छोटे बड़े आयोजनों में भी उन्होंने अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुये महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0