राजा पहाड़ी शिव मंदिर का सरकारी भवन हुआ अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन ने खाली कराकर लगाया ताला
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : एसडीओ प्रभाकर मिर्धा के निर्देश पर मंगलवार को राजा पहाड़ी शिव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिये बने सरकारी भवन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया है। भवन को खाली कराने के लिये सीओ विकास कुमार सिंह एवं बीडीओ रौशन कुमार को मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था।
दोनों अधिकारी पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत भवन को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन ने भवन में सपरिवार रह रहे पुजारी गोपाल पाठक को परिसर से खाली कराया, जिसके बाद सरकारी भवन को अतिक्रमण मुक्त कर उसमें ताला लगा दिया गया। यह कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
मजिस्ट्रेट सह सीओ विकास कुमार सिंह ने बताया कि एसडीओ द्वारा 3 जुलाई को जारी आदेश के आलोक में एक सप्ताह के भीतर भवन खाली कराने का निर्देश दिया गया था। इससे पूर्व 25 जून को भी गोपाल पाठक को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर भवन खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय में भवन खाली नहीं किये जाने पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह भवन विशेष रूप से राजा पहाड़ी शिव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा के लिये बनाया गया है। इसे अतिक्रमण मुक्त कर पुनः श्रद्धालुओं के उपयोग के लिये सुरक्षित किया गया है।
इस दौरान नगर पंचायत के नगर प्रबंधक प्रमेय मंडिलवार, राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति के सह-उपाध्यक्ष रजनीकांत मधुर (भोलू), कोषाध्यक्ष शुभम प्रकाश व सह कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, उपसचिव लव कुमार, सदस्य कमलेश मेहता, विद्या भास्कर, वीरेंद्र कुमार अग्रहरि, धीरज कुमार, सचिन कुमार तथा पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, अमित प्रशांत सहित पुलिस के जवान मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0