मिठू जायसवाल की बहादुरी से एक घंटे में धराया गोलीकांड का आरोपी : एसडीपीओ

Mar 29, 2026 - 14:55
मिठू जायसवाल की बहादुरी से एक घंटे में धराया गोलीकांड का आरोपी : एसडीपीओ

साहस को सलाम

एसडीपीओ एवं थाना प्रभारी ने मिठू जायसवाल को बुके देकर किया सम्मानित 

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव के प्रतिष्ठित व्यवसायी मिठू जायसवाल ने अपनी सूझबूझ और साहस का ऐसा परिचय दिया जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। गढ़वा पुलिस ने उनकी इस सराहनीय भूमिका के लिये उन्हें बुके देकर सम्मानित किया। एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह एवं थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से मिठू जायसवाल को बुके देकर सम्मानित किया तथा उनके साहसिक कदम की सराहना की।

एसडीपीओ ने बताया कि शुक्रवार को हुये गोलीकांड में घायल उमेश मेहता के आरोपी को पकड़ने में मिठू जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद जब ग्रामीणों से अपराधी का हुलिया पता चला तो मिठू जायसवाल ने बिना देर किये अपराधी का पीछा करने में लग गये। काफी देर तक पीछा करने के बाद उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

खास बात यह रही कि मिठू जायसवाल ने सबसे पहले अपराधी की तस्वीर अपने मोबाईल में कैद की, जिसे तुरंत जिले के सभी थानों में भेजा गया। इसी तेजी और सतर्कता का परिणाम रहा कि महज एक घंटे के भीतर आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया। एसडीपीओ ने कहा कि मिठू जायसवाल की तत्परता, साहस और पुलिस के प्रति सहयोग की भावना के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है।

 उनका यह कदम समाज में एक सकारात्मक संदेश देता है कि आम नागरिक भी सतर्कता और हिम्मत के बल पर अपराध के खिलाफ अहम भूमिका निभा सकते हैं। उधर इस सफलता के बाद इलाके में मिठू जायसवाल की जमकर सराहना हो रही है और लोग उनकी बहादुरी व सूझबूझ की खुले दिल से प्रशंसा कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 4
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0