छात्रों के समर्थन में निकला आक्रोश मार्च, पेपर लीक और लाठीचार्ज के खिलाफ उठी आवाज
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जंतर-मंतर पर छात्रों के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के समर्थन और छात्र-युवाओं पर हुये कथित लाठीचार्ज के विरोध में गढ़वा में एआईएसए, आरवाईए और भाकपा के बैनर तले छात्र-युवाओं ने आक्रोश मार्च निकाला। मार्च प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर हॉस्पिटल चौक, थाना होते हुये रंका मोड़ पहुंचा, जहां यह प्रतिवाद सभा में बदल गया।
प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक पर रोक लगाने, छात्र-युवाओं पर लाठीचार्ज की जवाबदेही तय करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। मौके पर भाकपा के जिला सचिव कालीचरण मेहता ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र-युवाओं का आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, लेकिन केंद्र सरकार उनकी मांगों पर संवाद करने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने के लिये पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। राज्य कमेटी सदस्य सुषमा मेहता ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं आरवाईए के नीतीश मेहता, अर्जुन चौधरी, अमलेश कुमार तथा एआईएसए के रंजीत मेहता, सूरज मेहता और पवन राम ने कहा कि छात्रों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम को भाकपा के नंदू राम, हीरा चौधरी, महेश चौधरी, उदय पासवान, प्रेम विश्वकर्मा, बीरबल प्रजापति, गीता देवी, नीतीश चौधरी और सनेश मेहता ने भी संबोधित किया। मौके पर विश्वनाथ चौधरी, सूर्यदेव चौधरी, जवाहर चौधरी, सूरत चौधरी, कॉमरेड सुरेश चौधरी समेत एआईएसए, आरवाईए, ऐपवा और भाकपा के काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0