बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय सॉकर रोबोटिक्स कार्यशाला संपन्न

Mar 31, 2026 - 18:06
बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय सॉकर रोबोटिक्स कार्यशाला संपन्न

कार्यशाला बच्चों के तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने में सहायक होने के साथ उन्हें नई दिशा प्रदान करेगा : संजय पांडेय

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 बच्चों को आईआईटी दिल्ली में फाईनल प्रतियोगिता में भाग लेने का मिलेगा मौका

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल सिरियाटोंगर में आयोजित तीन दिवसीय सॉकर रोबोटिक्स कार्यशाला मंगलवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में गढ़वा के एसडीएम संजय पांडेय मौजूद थे। कार्यशाला का शुभारंभ एसडीएम श्री पांडेय ने सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप जलाकर किया।

तत्पश्चात कार्यशाला में शामिल विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाये गये रोबोट का संचालन किया और रोबोट्स के माध्यम से फुटबॉल मैच खेलकर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों का उत्साह और रोबोटिक्स के प्रति उनकी रुचि देखने लायक थी। एसडीएम ने बच्चों से कई जानकारी ली तथा स्वयं रोबोट का संचालन किया। उस मौके पर एसडीएम संजय पांडेय ने बच्चों का उत्साह वर्द्धन करते हुये कार्यक्रम की जमकर सराहना की।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन बच्चों के तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने में सहायक होने के साथ साथ उन्हें नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कार्यशाला में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के निदेशक मनीष सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ने के साथ साथ उन्हें भविष्य के लिये तैयार करना है। सह निदेशक युवराज सिंह ने कहा यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिये एक अनमोल अनुभव रहा है।

उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि यह अनुभव उनके भविष्य को उज्ज्वल बनायेगा। विद्यालय के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल हमेशा से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से हमने विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया है।

प्राचार्य रवीश प्रजापति ने कहा कि इस कार्यशाला ने विद्यार्थियों के भीतर नवाचार, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच को विकसित किया है, जो उनके भविष्य के लिये बहुत महत्वपूर्ण है। कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों को टेकरेडीएन्स एवं बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल की ओर से कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम संजय पांडेय के द्वारा प्रतिभागिता के प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।

साथ ही घोषणा की गई कि कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 विद्यार्थियों को आईआईटी दिल्ली में 4 एवं 5 अप्रैल को आयोजित होने वाले फाईनल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर राज कुमार, अनामिका प्रजापति, आसिफ अली को टेकरेडीएन्स की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की शिक्षिका भावना ओझा, गार्गी जायसवाल, प्राची पाठक, अलका तिवारी, नीतू सिंह, रीचा सिंह, मुस्कान सिंह, कोमल केशरी, एवं मुकेश चंद्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस मौके पर गढ़वा के वरिष्ठ पत्रकार अविनाश कुमार सिंह, धीरेंद्र चौबे समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0