पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने भाजपा को किया बाय-बाय, राजद में की घर वापसी

बंशीधर न्यूज
रांची : झारखंड में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री सह गढ़वा के पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह ने भाजपा को बाय-बाय कर दिया है। उन्होंने राजद में पुनः घर वापसी की है। पटना में राजद नेता जगदानंद सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलाई है। गिरिनाथ सिंह को पार्टी चतरा से लोकसभा उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि गिरिनाथ सिंह भाजपा के टिकट पर चतरा लोकसभा से चुनाव लड़ने के लिये प्रयासरत थे।
लेकिन भाजपा ने कालीचरण सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था। तभी से गिरिनाथ सिंह नाराज चल रहे थे। कयास लगाया जा रहा था कि गिरिनाथ सिंह भाजपा को छोड़कर राजद में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार झारखंड के एक मंत्री ने राजद में गिरिनाथ सिंह के जाने की पटकथा लिखी थी।
सदस्यता ग्रहण करने के दौरान पार्टी के गढ़वा जिलाध्यक्ष सूरज सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे। उधर गिरिनाथ सिंह के राजद में शामिल होते ही उनके समर्थकों एवं राजद कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।