गढ़वा के लिए ऐतिहासिक दिन होगा 3 मार्च : मंत्री मिथिलेश

गढ़वा के लिए ऐतिहासिक दिन होगा 3 मार्च : मंत्री मिथिलेश

खास बातें

सीएम चंपाई सोरेन तीन मार्च को गढ़वा में 

एक साथ करेंगे पांच बड़ी योजनाओं का लोकार्पण

गढ़वा के चप्पे चप्पे पर लिखी विकास की नई इबारत 

बंशीधर न्यूज 

गढ़वा : गढ़वा जिला के लिए आगामी 3 मार्च का दिन ऐतिहासिक होगा। जिलावासियों को इस दिन बहुत बड़ा तोहफा मिलेगा। सीएम चंपाई सोरेन जिले की पांच बड़ी योजनाओं का एक साथ लोकार्पण करेंगे। जिसके बाद इनकी सेवाएं प्रारंभ हो जाएगी। इस आशय की जानकारी स्थानीय विधायक सह प्रदेश के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने दी है।

सीएम के दौरे के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए श्री ठाकुर ने बताया कि 3 मार्च को सीएम चंपाई सोरेन का गढ़वा आगमन होगा। सीएम यहां नवनिर्मित समाहरणालय भवन, बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क, बस स्टैंड, फुटबॉल स्टेडियम एवं नवनिर्मित टाउन हॉल सभी का लोकार्पण सभी स्थल पर जाकर करेंगे। लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात वे टाउन हॉल के मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

श्री ठाकुर ने कहा कि इन सभी के निर्माण से गढ़वा के विकास में चार चांद लग गया है। गढ़वा की सूरत पूरी तरह से बदल गई है। अब गढ़वा घूमने एवं देखने योग्य बन गया है। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के चुनाव पूर्व किए गए वादे एवं दूरदर्शी सोच से आज गढ़वा की स्थिति पूरी तरह बदल गई है।

गढ़वा के चप्पे चप्पे पर विकास की नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गढ़वा में सारी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होगी। विकास के पायदान पर गढ़वा नंबर वन पर होगा।