गिरिडीह में घर के कमरे में मिला डाक्टर दम्पति का शव

बंशीधर न्यूज
गिरिडीह: जिले के तिसरी थाना इलाके में शुक्रवार को घर के एक कमरे में वृद्ध दंपति का शव मिला। दोनों शवों से काफी बदबू आ रही थी। शव की स्थिति देखने से प्रतीत हो रहा था कि दो से तीन दिन पूर्व ही दम्पति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि मृतक डाक्टर श्याम सिन्हा और उनकी पत्नी की कोई संतान नहीं है।
उनका छोटा भाई रामू सिन्हा बगल में रहते हैं। उन्होंने कहा कि तीन दिनों से भैया-भाभी घर से बाहर नहीं निकले थे। इस बीच जब घर के अंदर से बदबू आने लगी तो उन्होंने छत से घर के अंदर झांक कर देखा तो एक कमरे में दोनों के शव पड़े हुए थे। डाक्टर श्याम सिन्हा का शव कमरे की चौखट के पास और उनकी पत्नी का शव पलंग पर पड़ा हुआ था।
ग्रामीणों के मुताबिक दम्पति आर्थिक तंगी परेशान थे। पत्नी की तबियत खराब रहती थी। आर्थिक तंगी रहने के कारण पहले भी कई बार पति-पत्नी जहर खाकर एक साथ मरने की बात कह चुके थे। बताया गया कि दोनों से मंगलवार को बाजार से माजा ड्रिंक मंगाया था। इसके बाद से किसी ने दोनों को घर के बाहर नहीं देखा था।