विश्वविद्यालय टॉपर बनीं गढ़वा की बेटी पूर्णिमा, बी.फार्मा में हासिल किया पहला स्थान

जितेंद्र यादव
डंडई/गढ़वा: आज का युग 'नारी शक्ति' के उत्कर्ष का युग है। देश के कोने-कोने में बेटियां न सिर्फ सदियों पुरानी रूढ़ियों को तोड़ रही हैं, बल्कि अपनी मेहनत और लगन से हर क्षेत्र में सफलता की नई कहानी लिख रही हैं। पहले जो बेटियां घर की दहलीज तक सीमित थीं, आज वह शिक्षा, विज्ञान, कला, खेल और प्रशासन जैसे हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रही हैं।
इन प्रेरणादायक उदाहरणों को पुष्ट करती हुई डंडई प्रखंड के रारो गांव निवासी रामबदन यादव की पुत्री पूर्णिमा कुमारी व प्रांतीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद यादव की भतीजी ने अपनी मेहनत व लगन से पूरे जिले का मान बढ़ाया है। पूर्णिमा कुमारी ने सैम हिग्गिनबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर, टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज, प्रयागराज उत्तर प्रदेश से बी.फार्मा के बैच 2024 में पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल किया है।
उनकी इस सफलता पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें सिल्वर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया है। सम्मान समारोह के दौरान यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार मिस रेणु प्रसाद ने पूर्णिमा को मेडल प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना किया।वही पूर्णिमा ने अपनी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा यह सफलता मेरे माता-पिता और शिक्षकों के आशीर्वाद तथा निरंतर मेहनत का परिणाम है। मेरा लक्ष्य फार्मेसी के क्षेत्र में शोध कार्य कर देश की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था में योगदान देना है।
बेटी की इस उपलब्धि पर पिता रामबदन यादव ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा पूर्णिमा शुरू से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही है। उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन का ही परिणाम है कि आज उसने पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पूर्णिमा की यह सफलता न सिर्फ रारो गांव बल्कि पूरे गढ़वा जिले के लिए गौरव का क्षण है। वह आज क्षेत्र के सभी छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं।