जमशेदपुर में खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से तीन महिला मजदूरों की मौत, चार घायल

जमशेदपुर में खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से तीन महिला मजदूरों की मौत, चार घायल

बंशीधर न्यूज

जमशेदपुर: जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के माटीहाना पंचायत अंतर्गत कोकमारा गांव के समीप चाकुलिया-बहरागोड़ा मुख्य सड़क के किनारे बुधवार को खोड़ी मिट्टी खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से तीन महिला मजदूर की मौत हो गई है। घटना में चार महिला मजदूर घायल हुई हैं। घायल महिलाओं को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया है।

मृतकों बनियाकुंदर गांव की मंजू किस्कू (32), सुशीला सोरेन (29) और आलमानी टुडु (50) शामिल हैं। बताया जाता है कि सभी महिलाएं भूतिया पंचायत के बनियाकुंदर गांव की निवासी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार खोड़ी मिट्टी से ग्रामीण अपने घरों में लेपन के लिए करते हैं। बुधवार को सभी महिला मजदूर खुदाई कर रही थीं।

इस दौरान अचानक मिट्टी धंस गई। इससे तीन महिला मजदूरों की मिट्टी के नीचे दबने से मौत हो गई तथा चार महिला मजदूर घायल हो गईं। बहरागोड़ा थाना प्रभारी विकास कुमार तथा अंचल पदाधिकारी भोले शंकर महतो ने घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिजवाया है।