लातेहार में नहाने के दौरान डैम में डूबने से दो लड़कों की मौत

लातेहार में नहाने के दौरान डैम में डूबने से दो लड़कों की मौत

बंशीधर न्यूज

लातेहार: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिजन टोला के पास रविवार को डैम में डूबने से दो लड़कों की मौत हो गयी। मृतकों में मोहम्मद अफरोज (10) और रुपेश कुमार (11) हैं। दोनों बालूमाथ के हरिजन टोला के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार रुपेश और अफरोज कुछ अन्य लड़कों के साथ रविवार को नहाने के लिए पास में स्थित डैम में गए थे।

नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख उनके साथ नहाने गए अन्य लड़के दौड़ते हुए गांव आए और लोगों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण डैम के पास पहुंचे और पानी में डूब रहे दोनों लड़कों को बाहर निकाला।

इसके बाद तत्काल दोनों को बालूमाथ अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बात दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी आशुतोष सत्यम के निर्देश पर पुलिस की टीम मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।