संदिग्ध हालात में युवक के जांघ में लगी गोली, भर्ती

संदिग्ध हालात में युवक के जांघ में लगी गोली, भर्ती

बंशीधर न्यूज

पलामू: मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह बाइपास के पास संदिग्ध स्थिति में एक युवक के जांघ में गोली लग गयी। गोली लगने पर गुरुवार रात जब युवक एमआरएमसीएच में पहुंचा तो दुर्घटना बताया लेकिन एक्स-रे होने पर गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया लेकिन उसके परिजन उसे डॉ. राहुल अग्रवाल के अस्पताल में ले गए।

शुक्रवार को उसके जांघ में लगी गोली निकाल दी गई है। वह खतरे से बाहर है लेकिन आइसीयू में भर्ती है। युवक की पहचान गढ़वा के कांडी थाना क्षेत्र के रहने वाले हर्ष पांडे (18) के रूप में हुई है। हर्ष पांडे सदर थाना क्षेत्र के बड़कागांव में बहन के यहां रहकर पढ़ाई करता है। वह 12वीं में है। रजवाडीह बाइपास के पास हर्ष को गोली लगी।

उसे किसी ने गोली मारी या उसके पास से गोली चली, यह स्पष्ट नहीं हो पाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संदिग्ध लगता है। घटनास्थल पर किसी ने गोली चलने की जानकारी नहीं दी। युवक भी पहले एक्सीडेंट फिर बाद में एक्स-रे होने पर गोली लगने की बात कही। पुलिस बयान लेकर जल्द मामले को स्पष्ट करेगी।