साइबर फ्रॉड का नया खेल,आफलाइन पैसे लेकर आनलाइन भुगतान, 75 दिन बाद बैंक खाते पर होल्ड

साइबर फ्रॉड का नया खेल,आफलाइन पैसे लेकर आनलाइन भुगतान, 75 दिन बाद बैंक खाते पर होल्ड

बंशीधर न्यूज

पलामू: डालटनगंज शहर थाना क्षेत्र के साहित्य समाज चौक के पास स्थित ऑल इन वन टेक्नोलॉजी के संचालक प्रिंस कुमार शुक्ला साइबर फ्रॉड का शिकार हो गये हैं। बैंक ने प्रिंस के खाते पर होल्ड लगा दिया है। परेशान होकर प्रिंस ने इस संबंध में बुधवार को साइबर थाना में मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।

इलाज के बहाने साइबर क्राइम

सिंगरा निवासी प्रिंस कुमार शुक्ला को इलाज के बहाने झांसे में लिया गया और एक महिला को उसके प्रतिष्ठान पर भेजकर दो दिन में दो लाख 60 हजार बैंक खाते में जमा लेकर इतने ही पैसे नगद दिया गया। साइबर फ्रॉड की शुरूआत आठ दिसंबर 2023 से हुई। प्रिंस के मोबाइल पर राजबहादुर नाम से एक व्यक्ति ने फोनकर बताया कि इलाज के लिए कैश की जरूरत है।

उसके खाते में पैसे हैं। उसे नगद चाहिए और उसके बदले वह खाते में पैसे ट्रांसफर कर देगा। प्रिंस की सहमति पर राजबहादुर ने 9.12.2023 को एक महिला को उसकी दुकान पर भेजा और आनलाइन भुगतान के लिए क्वार कोड लिया। प्रिंस के खाते पर एक लाख रूपए क्वार कोड के माध्यम से, जबकि एसबीआई बैंक खाते में 30 हजार रूपए भेजे।

ठीक इसी तरह अगले दिन भी एक लाख रूपए क्वार कोड से, जबकि 30 हजार रूपए खाते में भेजकर इतने ही पैसे नगदी लिए गए।

साइबर फ्रॉड के कारण खाते पर लगा होल्ड

प्रिंस ने बताया कि 75 दिन के बाद उसके बैंक खाते पर होल्ड लगने का मैसेज चार मार्च को आया। अगले दिन एसबीआई शाखा सुदना जाकर पूछताछ की तो पता चला कि साइबर फ्रॉड के चलते उसके खाते पर होल्ड लगाया गया है। बैंक की ओर से यह भी जानकारी दी गयी कि नौ एवं दस दिसंबर को हुए ट्रांजेक्शन के दौरान साइबर फ्रॉड हुआ था। बैंक की जानकारी के बाद प्रिंस को साइबर ठगी की जानकारी हुई।