पलामू में जमीन और मछली मारने के विवाद में वृद्ध की हत्या

बंशीधर न्यूज
पलामू: जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलहुआ किशैनी गांव निवासी 63 वर्षीय अवधेश सिंह का शव अगनवा खैरका जंगल से रविवार को मिवा। वह शनिवार को मवेशी को छोड़ने अगनवा खैरका जंगल की ओर गए थे। इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चल रहा था। उनके परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। एमआरएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पाटन के जिला पार्षद संग्राम सिंह मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी की गई। संग्राम ने भी हत्या की बात कही और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि नंदू सिंह और विनोद सिंह से जमीन का विवाद हुआ था। उनके द्वारा तालाब की मछली भी मार ली गई थी।
विरोध करने पर विनोद और नंदू मारपीट पर उतारू थे। यह भी कहा था कि जल्द अवधेश की हत्या कर दी जाएगी। परिजनों ने कहा कि इस संबंध में पाटन थाना पुलिस को मौखिक जानकारी दी गई है। पोस्टमार्टम करने के बाद लिखित देकर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।