दिल्ली से रांची लौटीं सीता सोरेन, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

दिल्ली से रांची लौटीं सीता सोरेन, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

दुर्गा सोरेन के मौत संदेहास्पद, हो उच्चस्तरीय जांच : सीता सोरेन

बंशीधर न्यूज

रांची: भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की बड़ी बहु एवं जामा की पूर्व विधायक और दुमका संसदीय क्षेत्र की लोकसभा उम्मीदवार सीता सोरेन गुरुवार को नई दिल्ली से रांची पहुंची। एयरपोर्ट पर रांची महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद सीता सोरेन का काफिला भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचा, जहां उनका महिला मोर्चा की बहनों ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक भानु प्रताप शाही सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और परिचय प्राप्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष मरांडी, नेता प्रतिपक्ष बाउरी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिंह ने अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ से सीता सोरेन का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सीता सोरेन ने झामुमो एवं राज्य सरकार पर बड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झामुमो को अपने खून पसीने से सींचने वाले झामुमो के कद्दावर नेता उनके पति स्व. दुर्गा सोरेन का अपमान उन्हें कतई बर्दाश्त नहीं। उन्होंने दुर्गा सोरेन की मौत को संदेहास्पद बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

सीता सोरेन ने कहा कि उन्होंने परिवार में कई बार इस बात को उठाया, लेकिन इसे अनसुना कर दिया गया गया। मैंने परिवार में दर्द और पीड़ा सहते हुए अपनी बच्चियों का लालन-पालन किया है। झामुमो अब स्व दुर्गा सोरेन के जमाने की पार्टी नहीं रही। यह पार्टी अब दलाल और बिचौलियों की पार्टी बनकर रह गई है। जहां जाइए जिलों में भी केवल दलाल और बिचौलिए ही पार्टी पर हावी हैं। भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि झामुमो में महिलाओं का सम्मान नहीं है।

वे लगातार पार्टी और परिवार में अपमानित महसूस कर रही थीं, इसलिए बड़ा राजनीतिक फैसला लिया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ही देश और प्रदेश का विकास कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और दुनिया में भारत का झंडा बुलंद हुआ है। देश का गौरव बढ़ा है। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, दलित, पिछड़े, महिलाएं सभी विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मोदी सरकार का संकल्प पूरा हो रहा। देश के सर्वोच्च पद पर आज आदिवासी समाज की महिला आसीन हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में झारखंड की 14 सीट एवं देश में एनडीए 400 सीट का आंकड़ा पार करेगी।