झामुमो की सरकार ने राज्य के विकास के सपनों को किया चकनाचूर : सुदेश महतो

बंशीधर न्यूज
छतरपुर/हुसैनाबाद : आजसू पार्टी की ओर से छतरपुर, हुसैनाबाद हाईस्कूल के मैदान में चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो शामिल हुये। प्रखंड में चुल्हा प्रमुख सम्मेलन में बोलते हुये झारखंड के सुदेश महतो ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा झारखंड अलग राज्य के बाद विकास के सारे सपनों को वर्तमान सरकार ने चकनाचूर कर दिया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राज्य की शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। पढ़ाई के लिये छात्रों को राज्य से बाहर भटकना पड़ रहा है। नौकरी के नाम पर युवा ठगे जा रहे हैं। खेतों में सिचाई का पानी नहीं है। किसान अलग परेशान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सहायक पुलिस एवं पारा शिक्षकों को छलने का काम किया है।
सरकारी स्कूलों में बिना पढ़ाये बच्चों को पास किया जा रहा है। इससे उनकी नीव कमजोर हो रही है। वे भविष्य में प्रतियोगिताओं में कैसे भाग लेंगे, यह सोचनीय पहलू बन गया है। राज्य में अफसरशाही चरम सीमा पर है। जनता समस्याओं से त्रस्त है तो सरकार के मुखिया और मंत्री अपनी संपत्ति बढ़ाने में व्यस्त है। पूर्व डीआईजी संजय रंजन ने कहा कि आजसू पार्टी गरीबों, असहायों के साथ खड़ी रहती है।
आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता देव शरण भगत ने कहा कि जिस बुनियाद की सोच को लेकर झारखंड को सींचा गया था वो अधूरा रह गया है। झारखंड अलग राज्य के निर्माण में आजसू पार्टी का महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का हाल है कि नौकरी मिलने से पहले रिजल्ट लीक कर दिया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष दिलीप चौधरी व संचालन कमलेश चंद्रवंशी ने किया। सुमन गुप्ता, नौडीहा जिप सदस्य सुदामा पासवान, जितेंद्र विश्वकर्मा, उमेश ठाकुर, बिनोद ठाकुर, अरविंद सिंह, इसराज अंसारी, विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।