झारखंड में व्यापार और उद्यमिता के विकास की व्यापक संभावनाएं: राज्यपाल

झारखंड में व्यापार और उद्यमिता के विकास की व्यापक संभावनाएं: राज्यपाल

बंशीधर न्यूज

पूर्वी सिहंभूम/रांची : झारखंड राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि झारखंड में व्यापार और उद्यमिता के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। जरूरत है दृढ़ इच्छा शक्ति की। यदि सरकार एवं उद्यमी इसको बढ़ाने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति रखते हैं तो निश्चित ही व्यापार एवं उद्योग विकसित होंगे। वे शनिवार को चेंबर भवन पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि इनके विकसित होने से झारखंड भी विकसित होगा। विकास कि अवधारणा को फलीभूत करने के लिए विधि-व्यवस्था का होना जरूरी है। विधि-व्यवस्था के ठीक होने से बाहरी निवेशक यहां निवेश करने के लिए इच्छुक होंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन, उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सड़क मार्ग, रेल मार्ग एवं वायु मार्ग को भी विकसित करना पड़ेगा। राज्यपाल ने कहा कि एमएसएमई के विकास के लिए उद्यमी को नित्य हो रहे बदलाव पर ध्यान आकृष्ट करना पड़ेगा।

 उन्हें अनुभवी लोगों का साथ लेना पड़ेगा एवं अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ उद्यमियों के साथ संयुक्त रूप से उद्यम भी स्थापित करना पड़ेगा। उन्हें बाजार की मांग के अनुसार अपने उत्पादों में विविधता लानी होगी। साथ ही कहा कि जब वे कायर बोर्ड के अध्यक्ष थे तब उत्पादों में विविधता लाकर एवं ऑस्ट्रेलिया के एक उद्यमी के सहयोग से मार्केटिंग कर कायर बोर्ड की आमदनी को कुछ ही सालों में दुगना किया था। आज कुछ स्टार्टअप उद्यमी काफी तेजी से प्रगति कर रहे हैं। हमारे पारंपरिक उद्योगों को भी समय के हिसाब से अपनी कार्य-संस्कृति एवं उत्पाद में बदलाव लाना होगा। राज्यपाल ने कहा कि आज पूरी दुनिया का वैश्वीकरण हो चुका है और वैश्वीकरण के इस युग में स्पर्धा करने के लिए एक समान दृष्टिकोण रखने वाले लोगों द्वारा साझा प्रयास करने की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि उद्योग की दिशा में सरकार की नीतियों का भी गहनतापूर्वक अध्ययन करने की जरूरत है। इससे उद्यमी सरकार की प्राथमिकताओं एवं उनके द्वारा दिए जा रहे लाभों के बारे में जान सकेंगे। राज्यपाल ने कहा कि हौसला बुलंद हो तो सफलता अवश्य मिलेगी।