कुर्मी/कुड़मी समुदाय के लोगों ने रेल टेका डहर छेंका आंदोलन के समर्थन में किया प्रदर्शन

कुर्मी/कुड़मी समुदाय के लोगों ने रेल टेका डहर छेंका आंदोलन के समर्थन में किया प्रदर्शन

केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

केंद्र व राज्य सरकार कुर्मी/कुड़मी समाज के साथ कर रही है भेदभाव : गोरखनाथ

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन पर शनिवार को कुर्मी/कुड़मी समुदाय के लोगों ने रेल टेका डहर छेंका आंदोलन के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने भारत सरकार एवं झारखंड की हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि सरकारें उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है और समुदाय के साथ अन्याय कर रही है।

जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारी रेल रोकने की योजना बना रहे थे, लेकिन स्टेशन परिसर में पहुंचने से पहले ही रेल पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया। कई आंदोलनकारियों को मौके पर ही डिटेन कर दिया गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनकी आवाज को दबाया जा रहा है, लेकिन वे आंदोलन को आगे भी जारी रखेंगे।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गोरखनाथ चौधरी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार दोनों ही कुर्मी/कुड़मी समाज के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जायेगा। प्रदर्शन के दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। उधर पुलिस ने सभी प्रदर्शन कारियों को हिरासत में लेकर थाना ले आई। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।