निर्माणाधीन ईंट भट्ठा की चिमनी ढ़हने से एक मजदूर की मौत, चार घायल

निर्माण कार्य में लगे सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के सम्भल जिले के है निवासी
बंशीधर न्यूज
मेराल: गढ़वा जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर मेराल थाना क्षेत्र के कमरमा गांव में मंगलवार की सुबह एक निर्माणाधीन ईंट भट्ठा चिमनी ढ़हने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का गढ़वा सदर अस्पताल में इलाज किया गया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
मृतक मजदूर की पहचान उत्तर प्रदेश के सम्भल जिला के मौपुर बाबई गांव निवासी रामकुमार सिंह का 35 वर्षीय पुत्र पप्पू सिंह के रूप में तथा घायलों में वहीं के मनवीर 22 वर्ष पिता चंद्रसेन सिंह, चमन 22 वर्ष पिता मो. शमशाद, संग्राम सिंह 35 वर्ष, पिता जालीम सिंह और पुष्पेंद्र कुमार 32 वर्ष, पिता रामचरण सिंह शामिल है। जानकारी के अनुसार कमरमा गांव में गुड्डू सिंह का नया ईंट भट्ठा के लिए चिमनी निर्माण का कार्य चल रहा था।
करीब 100 फीट ऊंचा चिमनी में 60 फीट की ऊंचाई पर सभी मजदूर सीमेंट प्लास्टर का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक भूस्खलन या अन्य कारण से चिमनी का ऊपरी हिस्सा भरभरा कर ढ़ह गया, जिससे सभी मजदूर नीचे गिरते हुए मलवे में दब गए। इस घटना के बाद वहां अफरा तफरी मच गई और वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद मालवे में दबे पांचो मजदूर को बाहर निकाला और तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों के अनुसार उत्तर प्रदेश से 10 मजदूरों का समूह क़ासिम नामक ईट भट्ठा का मुंशी के कहने पर कमरमा गांव में काम करने आए थे। सुबह जैसे ही वे ऊपरी हिस्से पर प्लास्टर कर रहे थे, अचानक ईंटें खिसकने लगीं और देखते ही देखते पूरी चिमनी धराशाई हो गया।
विधि सम्मत होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
इस संबंध में मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली तथा सदर अस्पताल पहुंचकर घायल मजदूर से घटना की जानकारी ली तथा पंचनामा के बाद मृतक मजदूर का शव अंत्य परीक्षण के लिए ले जाया गया। उन्होंने कहा कि सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के थे पांच मजदूर बांस के जुगाड़ पर ऊपर चढ़कर काम कर रहे थे तभी नीचे से चिमनी गिर गया। जांच पड़ताल के बाद ईट भट्ठा मालिक पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
प्रखंड प्रमुख सहित कई समाजसेवी सदर अस्पताल पहुंच कर ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने पर मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी कथा अन्य कई समाजसेवी गढ़वा सदर अस्पताल पहुंच कर सभी का हाल जानने के बाद ईट भट्ठा के मालिक को बेहतर इलाज में सहयोग करने की मांग की साथ ही घायल मजदूरों को हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया।