बाहरी व्यक्ति बताकर विरोध करने वालों की परवाह नहीं: वीडी राम

बाहरी व्यक्ति बताकर विरोध करने वालों की परवाह नहीं: वीडी राम

बंशीधर न्यूज

पलामू: पलामू संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी के घोषित उम्मीदवार विष्णु दयाल राम ने सोमवार को कहा कि उनके विरोधी उन्हें बाहरी व्यक्ति बताकर विरोध करते हैं तो उन्हें इसकी कोई परवाह नहीं है। उन्होंने डालटनगंज में विशेष बातचीत में कहा कि लगातार इस लोकसभा क्षेत्र से वह विजयी हुए हैं और भाजपा ने योग्य समझकर तीसरी बार उन्हें टिकट दिया है।

वीडी राम ने कहा कि पहली और दूसरी बार उन्हें बाहरी नहीं बताया गया। तीसरी बार चुनाव लड़ने से पहले बाहरी बताया जा रहा है। यह सारा खेल विपक्ष का है और उससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। पार्टी के अंदर इस मामले को लेकर मतभेद है तो उसे दूर कर लिया जायेगा। मनभेद की कहीं कोई बात नहीं है। वीडी राम ने कहा कि यातायात के क्षेत्र में काफी काम हुआ है।

सड़क एवं रेल क्षेत्र में क्रांति आई है। उन्होंने कहा कि रांची-विंढ़मगंज फोरलेन सड़क बन रही है। कई बाइपास बनाए जा रहे हैं, जिससे आवागमन भविष्य में सुगम होने वाला है। उन्होंने कहा कि सतबरवा, पोलपोल, शंखा से खजुरी, मेराल, रमना एवं नगरउंटारी में बाइपास का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। सोननदी पर पंडुका-श्रीनगर के बीच ब्रिज का निर्माण 40 प्रतिशत पूरा हो गया।

सांसद ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि उद्योग धंधे स्थापित हों, इसे लेकर राज्य सरकार का सपोर्ट नगण्य है। विपरीत दिशा की सोच होने के कारण आकांक्षी जिले में शामिल पलामू और गढ़वा का विकास नहीं होने के पक्ष में है।गौरतलब है कि पलामू और गढ़वा जिले में सांसद वीडी राम को बाहरी बताकर पोस्टरबाजी हुई है।

साथ ही उम्मीदवार बदलने की भी अपील की गई है। गढवा के 17 प्रखंड इकाई प्रमुखों ने संयुक्त रूप से भाजपा के आलाकमान से विष्णु दयाल राम को बाहरी बताकर स्थानीय को उम्मीदवार बनाने की मांग की है।