पूर्व सांसद घूरन राम ने राजद को किया बाय बाय, जल्द थामेंगे भाजपा का दामन

पूर्व सांसद घूरन राम ने राजद को किया बाय बाय, जल्द थामेंगे भाजपा का दामन

झामुमो के भी कई लोगों ने पार्टी को किया अलविदा

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : राजद के राष्ट्रीय सचिव, राजद संसदीय बोर्ड के सदस्य सह पूर्व सांसद घूरन राम ने पार्टी को बाय बाय कह दिया है। उन्होंने पार्टी के सभी पदों के साथ साथ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक वे बहुत जल्द भाजपा में शामिल होंगे।

उधर घूरन राम के करीबी माने जाने वाले झामुमो के जिला उपाध्यक्ष विनोद चंद्रवंशी, संगठन सचिव उमेश सिंह, डंडई प्रखंड अध्यक्ष सुभाष चंद्र मेहता, गढ़वा नगर कमेटी अध्यक्ष अरविंद पटवा, सन्नी चंद्रवंशी आदि ने भी झामुमो को अलविदा कह दिया है। घूरन राम ने मंगलवार को शहर के चिनियां मोड़ स्थित होटल कृष्णा हरि में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इसकी जानकारी दी। 

पूर्व सांसद श्री राम ने बताया कि वे पार्टी में लगातार उपेक्षित महसूस कर रहे थे। वर्तमान में झारखंड में इंडि गठबंधन की सरकार है। इसमें अनुसूचित जाति के लिये कहीं कोई जगह नहीं है और न ही कोई मान सम्मान है। झारखंड में अनुसूचित जाति को न तो कोई मंत्री बनाया गया और न ही किसी बोर्ड, निगम में ही स्थान दिया गया। राजद व इंडि गठबंधन में रहकर हम अपने लोगों का भला नहीं कर पायेंगे, इसलिये पार्टी छोड़ना ही बेहतर है।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के लोग यहां काफी उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। अभी तो इस्तीफे की शुरूआत हुई है। इंडि गठबंधन से दलित समाज के लोगों के इस्तीफा का तांता लगेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी हुई है। मौके पर फजील अहमद, कुर्बान अंसारी, राजेंद्र राम, अनिल कुमार, जितेंद्र चंद्रवंशी आदि लोग भी उपस्थित थे।