निजी दौरे पर आये पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रशासन से ली सिंचाई योजनाओं की जानकारी

निजी दौरे पर आये पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रशासन से ली सिंचाई योजनाओं की जानकारी

झारखंड में तेजी से बढ़ रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों पर जताई चिंता

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री सह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने झारखंड में तेजी से बढ़ रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठिये झारखंड के लिये नासूर बनते जा रहे हैं। श्री मुंडा गढ़वा में अपने निजी दौरे के दौरान उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण झारखंड की डेमोग्राफी बदल रही है। लेकिन झारखंड की वर्तमान सरकार को इसकी चिंता नहीं है। वह उन्हें संरक्षित कर रही है और घुसपैठिये की सही जानकारी को भी छुपा रही है। केवल उनकी पार्टी भाजपा ही घुसपैठियों से लड़ रही है। अदालत में भी इसका मुकदमा चल रहा है। उन्होंने बंगाल की हिंसा पर दुःख व्यक्त करते हुये कहा कि वहां की ममता सरकार घुसपैठियों के सामने घुटने टेक चुकी है। घुसपैठियों को पाल पोसकर अधिकार देने की बात करने वाली बंगाल की सरकार हिन्दुओं के खिलाफ हत्या और हिंसा की घटना पर मौन है। सरकार की निष्क्रियता उसकी मुस्लिम परस्त मानसिकता को दर्शाता है।

जिस तरह की घटनाएं मुर्शिदाबाद और 24 परागना में हो रही है। यह साफ दर्शाता है कि वहां की सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि इन घटनाओं में केवल हिन्दू आहत हो रहे हैं। बंगाल की सरकार को हिंदुओं की कोई चिंता नहीं है। श्री मुंडा ने झारखण्ड सरकार के कार्य पर टीका टिप्पणी से परहेज करते हुये कहा कि अभी हमलोग सरकार की एक एक गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। एक बात सत्य है कि झारखंड में लॉ एंड ऑर्डर की धज्जियां उड़ाई जा रही है। अपराधियों का मनोबल दिनों दिन बढ़ रहा है। उन्होंने झारखंड के मंत्री हफीजुल हसन के संविधान के ऊपर सरिया के बयान पर कहा कि जो व्यक्ति सविंधान की शपथ लेकर एक अच्छे सैवांधानिक पद पर रहता है उसे इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिये। क्योंकि हमारा राज्य और देश सविंधान से चलता है। नियम और कानून से चलता है। सरिया से नहीं। सर्किट हाउस मे स्थानीय भाजपा नेताओं और जिला प्रशासन से मिलने के बाद प्रेस से बात करते हुये कहा कि गढ़वा जिले की बहुत सारी योजनाएं पाईप लाईन में है। जिसमें कनहर पाईप लाईन योजना और मंडल डैम जैसी पुरानी योजनाएं भी शामिल है।

उन्होंने इस योजनाओं का अपडेट गढ़वा के डीसी से लिया और स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई को तेजी से पूरा करने पर बल दिया। इसके पूर्व श्री मुंडा को गढ़वा पहुंचते ही शहर के रंका मोड़ पर भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, जिलाध्यक्ष ठाकुर महतो सहित भाजपा के अन्य नेताओं ने बुके देकर और माला पहनाकर स्वागत किया। सर्किट हाउस में भाजपा नेता अलखनाथ पांडेय, मुकेश निरंजन सिंह, रघुराज पांडेय, गौरी विंद, रवीन्द्र जायसवाल आदि ने भी श्री मुंडा को सम्मानित किया।