इंडी गठबंधन के उम्मीदवारों की जब्त हो जाएगी जमानत : केशव प्रसाद मौर्य

इंडी गठबंधन के उम्मीदवारों की जब्त हो जाएगी जमानत : केशव प्रसाद मौर्य

बंशीधर न्यूज डेस्क

एनडीए गठबंधन करेगा चार सौ पार, सपा की साइकिल हुई पंचर

कानपुर : लोकसभा चुनाव में अबकी बार भाजपा की जबरदस्त लहर चल रही है और उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर कमल ही खिलेगा। यही नहीं प्रदेश की सभी सीटों पर इंडी गठबंधन के उम्मीदवारों की जमानत भी नहीं बचेगी। एनडीए गठबंधन अबकी बार चार सौ पार करने जा रहा है। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की साइकिल पंचर हो चुकी है। यह बातें शनिवार को कानपुर लोकसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार रमेश अवस्थी के नामांकन सभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल कमल ही नहीं खिलाना है बल्कि इंडी गठबंधन के उम्मीदवारों की जमानत भी जब्त करवानी है। सपा की साइकिल पंचर हो गई है,यहां से तो सपा की साइकिल उतर कर सैफई चली गई है। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए अजय कपूर ने पंजे वाली पार्टी का पंजा तोड़ दिया है। 4 जून को 4 बजे 400 सीटों पर विजय प्राप्त करने के लिए कमल के फूल वाला बटन दबना है।

पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व में आगे बढ़ रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है। भाजपा उत्तर प्रदेश में 80 सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले आतंकवादी हमारे देश में घुसकर आतंकवाद फैलाते थे,लेकिन मोदी सरकार बनने के बाद हमारी सेनाएं आतंकवादियों को बढ़ावा देने वाले देश में घुसकर उनके किले ढा रही है।

अबकी बार भाजपा की सरकार आने के बाद एक देश एक चुनाव पर अमल होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अबकी बार सरकार बनाने के बाद समान नागरिक संहिता कानून लागू करेगी। देश की सीमाओं की सुरक्षा, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भी तिरंगा फहराने का काम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होगा। गरीबों को आवास, पूर्व का मैनचेस्टर कहे जाने वाले कानपुर को विकसित करने, उत्तर प्रदेश को गुंडा प्रदेश से विकसित प्रदेश बनाने, हर घर नल से जल के लिए हमे 400 पर सीटों पर विजय हासिल करना जरुरी है।