रांची के ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की छुट्टी दो मार्च तक रद्द

रांची के ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की छुट्टी दो मार्च तक रद्द

बंशीधर न्यूज

रांची : राजधानी रांची में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की छुट्टियों को दो मार्च तक के लिए रद्द कर दिया गया है। रांची के ट्रैफिक एसपी कार्यालय की ओर से यह आदेश जारी किया गया है।ट्रैफिक एसपी के ऑफिस से शनिवार रात जारी आदेश में कहा गया है कि अगर पहले से किसी पदाधिकारी या कर्मी ने पहले से अवकाश ले रखा है, तो उनका अवकाश भी स्थगित किया जाता है।

एसपी कार्यालय के अनुसार 23 फरवरी से 27 फरवरी तक धुर्वा के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) में भारत और इंग्लैंड के बीच इंटरनेशनल टेस्ट क्रिकेट मैच खेला जाएगा। इसके साथ ही 23 फरवरी से दो मार्च तक झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुलाया गया है। इसके मद्देनजर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यातायात व्यवस्था के लिए प्रतिनियुक्त किए गए सभी पदाधिकारियों, कर्मियों के अवकाश को रद्द कर दिया गया है।

 ट्रैफिक एसपी ने कहा है कि विशेष परिस्थिति में पुलिस अधीक्षक (यातायात) की ओर से छुट्टी को मंजूरी दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि झारखंड में आठ फरवरी से बजट सत्र बुलाया गया था। लेकिन, तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपाई सोरेन ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चूंकि, 16 फरवरी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ था, इसलिए आठ फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र नहीं हो पाया। अब सरकार ने 23 फरवरी से दो मार्च तक बजट सत्र बुलाने का फैसला किया है।