सिंगरा अमानत नदी तट पर छठ पूजा महोत्सव की तैयारी में जुटा लायंस क्लब

सिंगरा अमानत नदी तट पर छठ पूजा महोत्सव की तैयारी में जुटा लायंस क्लब

आकर्षण का मुख्य केंद्र गंगा महाआरती होगा : रुपेश कुमार

बंशीधर न्यूज

मेदिनीनगर : सामाजिक संस्था लायंस क्लब पलामू के द्वारा छठ महापर्व के अवसर पर महोत्सव सह गंगा आरती का आयोजन किया जायेगा। छठ पूजा महोत्सव की तैयारी में लायंस क्लब जुट गया है। शुक्रवार को शिवाय ब्लू होटल में प्रेस कांफ्रेंस में क्लब के प्रोजेक्ट चेयरमैन राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि शहर के सिंगरा कला अमानत नदी तट पर महोत्सव का आयोजन किया जायेगा।

छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों की सुविधा के लिये संस्था के द्वारा आवश्यक तैयारी की जाती है। पिछले 26 वर्षों से लायंस क्लब छठ महापर्व के अवसर पर महोत्सव का आयोजन कर रही है। क्लब के अध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष छठव्रतियों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुये क्लब आवश्यक तैयारी में जुटा है। अमानत नदी छठ घाट की सफाई करायी जा रही है। छठव्रतियों की सुविधा के लिये टेंट लगाया जायेगा। प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहेगी।

क्लब के रीतेश कुमार, आलोक माथूर, समीर खन्ना, प्रभात अग्रवाल, पीयूष तुलस्यान, अनवर हुसैन ने बताया कि छठ पूजा महोत्सव में व्रतियों के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। मेला जैसा दृश्य उभर जाता है। आकर्षण का मुख्य केंद्र गंगा महाआरती होगा। वाराणसी से पधारे विद्वान पंडितों के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की महाआरती की जायेगी। इसके लिये आकर्षक मंच बनाया जायेगा। व्रतियों की सुविधा के लिये अस्थायी चेजिंग रूम बनाया जायेगा।

रात्रि में रहने वाले व्रतियों व श्रद्धालुओं के लिये वाटर प्रूफ टेंट लगाया जायेगा। अमानत नदी में पानी के तेज प्रवाह को देखते हुये तैराक की भी व्यवस्था की गयी है। यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय रहेगी। वाहन पार्किंग की अलग व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा चिकित्सा शिविर लगायी जायेगी व एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।