महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन

महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : महिला जनप्रतिनिधियों के सशक्तिकरण की दिशा में 'सशक्त पंचायत नेत्री अभियान' के अंतर्गत शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में एकदिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीसी दिनेश कुमार यादव ने की। साथ में जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, प्रमुख, मुखिया एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

 कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियों को नेतृत्व क्षमता, सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे विषयों पर प्रशिक्षित करना था। ताकि वे पंचायत स्तर पर प्रभावी और सशक्त निर्णय ले सकें। डीसी दिनेश कुमार यादव ने कहा सशक्त महिला समाज निर्माण की रीढ़ होती हैं। जब तक महिलाएं आत्मविश्वास के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग नहीं लेंगी, तब तक वास्तविक सशक्तिकरण अधूरा रहेगा।

उन्होंने बताया कि रिवैम्प्ड आरजीसीए योजना के तहत झारखंड पंचायत राज निदेशालय द्वारा 24 जुलाई से गढ़वा जिले की सभी प्रखंडों की महिला प्रतिनिधियों को पलामू में तिथि-वार प्रशिक्षण दिया जायेगा। जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा ने कहा कि आज महिलाएं सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, अब आवश्यकता है कि वे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी जमीनी नेतृत्व करें। मौके पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और पंचायती राज विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।