हर घर तिरंगा अभियान को लेकर रणनीति तय

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर रणनीति तय

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : भाजपा युवा मोर्चा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पिंडरा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की शुरुआत पं दीनदयाल उपाध्याय और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता तथा संचालन भाजयुमो जिलाध्यक्ष रामशीष तिवारी ने की। मौके पर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ऑपरेशन सिंदुर जैसे साहसिक कदम उठाये और देश की सीमाओं की रक्षा के लिये कड़ा संदेश दिया। आज हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देशभक्ति की भावना को हर नागरिक के मन में जागृत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 10 से 14 अगस्त तक बूथ स्तर पर चलाया जायेगा तथा 13 से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराया जायेगा। इसके अलावा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जायेगा, ताकि भारत के विभाजन के समय हुये भीषण नरसंहार और विस्थापन को याद कर शांति और एकता का संदेश दिया जा सके।

गढ़वा जिला प्रभारी विपिन बिहारी सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे आम जन को जागरूक करें और सुनिश्चित करें कि हर घर पर तिरंगा फहराया जाय। भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा कि इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिये जिले से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारी बांटी गई है।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि पहले तिरंगा सिर्फ सरकारी या गैर-सरकारी कार्यालयों में ही फहराया जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से यह सम्मान हर भारतीय के घर तक पहुंच रहा है। लातेहार जिला प्रभारी मुकेश निरंजन सिन्हा ने कहा कि तिरंगा देश की आत्मा है और इसके प्रति सम्मान व जागरूकता हर नागरिक का कर्तव्य है।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे, भाजपा नेता अरविंद तूफानी, विनय चौबे, मीडिया प्रभारी रितेश चौबे, रामसरीख चंद्रा, अजय तिवारी, राजकुमार मधेशिया, उमेश कश्यप, रितेश दुबे, बलराम यादव, परिक्षित तिवारी, सुरेन्द्र राम, शुभम गुप्ता, जयंत पाण्डेय, लक्ष्मीकांत पाण्डेय, राजेश यादव समेत कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।